पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना गुजवि की प्राथमिकताः प्रो. नरसी राम बिश्नोई

जीजेयू परिसर में इस मानसून सीजन में 6 हजार पौधे रोपित करने का लक्ष्य।

पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना गुजवि की प्राथमिकताः प्रो. नरसी राम बिश्नोई

हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा है कि पर्यावरणविद् एवं महान संत गुरु जंभेश्वर महाराज के नाम पर स्थापित इस विश्वविद्यालय की प्राथमिकता पर्यावरण के प्रति जागरूकता पैदा करना है। गुजवि देश के सर्वाधिक हरित परिसर वाले विश्वविद्यालयों में से एक है। इस मानसून मौसम में विश्वविद्यालय परिसर में 6 हजार पौधे रोपित करने का लक्ष्य रखा गया है।

कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने मंगलवार को विश्वविद्यालय के फ्रैगनैंस गार्डन में वन महोत्सव का शुभारंभ करने के बाद कहा कि मानसून का मौसम पौधे रोपित करने के लिए सर्वाधिक उपयुक्त मौसम होता है। इस मौसम में पौधों की तेजी से वृद्धि होती है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण प्रदूषण वर्तमान समय की सबसे बड़ी चुनौती है। पर्यावरण प्रदूषण के कारण पूरा विश्व अभूतपूर्व जलवायु परिवर्तन की चपेट में है। अधिक से अधिक पौधे रोपित करके ही पर्यावरण प्रदूषण की समस्या से निपटा जा सकता है।

अधीक्षक अभियंता प्रो. एचसी गर्ग ने बताया कि पौधा रोपण अभियान बागवानी शाखा के सौजन्य से आरंभ किया गया है। पौधे रोपित करने के लिए स्थान निर्धारित कर लिए गए हैं। मानसून के मौसम में पौधा रोपण के लक्ष्य को पूरा कर लिया जाएगा। इस मौके पर कुलपति के तकनीकी सलाहकार प्रशासनिक प्रो. विनोद छौक्कर, तकनीकी सलाहकार एचआरएम प्रो. संदीप राणा, बागवानी विभाग के कार्यकारी अभियंता सुनील ग्रोवर, सुपरवाइजर पाला राम सहित अन्य अधिकारी, शिक्षक व कर्मचारी मौजूद रहे।