पीजीआईएमएस में मरीज सुविधाओं पर सख्ती, 7 दिन में सुधार की रिपोर्ट
पीजीआईएमएस रोहतक के निदेशक डॉ. एस.के. सिंघल ने वीरवार को न्यू ओपीडी और ट्रॉमा सेंटर का व्यापक निरीक्षण कर मरीज सुविधाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उनके साथ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुंदन मित्तल सहित सुरक्षा, सेनिटेशन, एस्टेट, नर्सिंग, पीडब्ल्यूडी, पब्लिक हेल्थ और इलेक्ट्रिकल विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
रोहतक, गिरीश सैनी। पीजीआईएमएस रोहतक के निदेशक डॉ. एस.के. सिंघल ने वीरवार को न्यू ओपीडी और ट्रॉमा सेंटर का व्यापक निरीक्षण कर मरीज सुविधाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उनके साथ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुंदन मित्तल सहित सुरक्षा, सेनिटेशन, एस्टेट, नर्सिंग, पीडब्ल्यूडी, पब्लिक हेल्थ और इलेक्ट्रिकल विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
डॉ. सिंघल ने कहा कि पीजीआईएमएस आने वाला हर मरीज वीआईपी है और उसे बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने सभी कर्मचारियों के लिए ड्रेस कोड व आईडी कार्ड अनिवार्य करने के निर्देश दिए। ओपीडी के वॉशरूम की डीप क्लीनिंग, सीलिंग की मरम्मत तथा प्रत्येक फ्लोर पर दिव्यांगजनों के लिए शौचालय सुनिश्चित करने को कहा।
मरीजों की सुविधा के लिए एक्स-रे टोकन व्यवस्था को पारदर्शी बनाने, फार्मेसी काउंटरों के नंबर बड़े अक्षरों में प्रदर्शित करने और ओपीडी के बाहर पेशेंट ग्रीवांस रिड्रेसल सेल विकसित करने के निर्देश दिए गए। कॉरिडोर को बेहतर बनाने के लिए बड़े गमले लगाने को भी कहा गया। अस्पताल में धूम्रपान प्रतिबंध की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों के राउंड के दौरान भीड़ नियंत्रित करने और एक मरीज के साथ केवल एक अटेंडेंट की अनुमति देने को कहा गया। एमआरआई की टाइमिंग शाम 4 से रात 10 बजे तक बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू करने तथा इमरजेंसी दवाओं व कंज्यूमेबल्स की निर्बाध आपूर्ति के लिए फास्ट-ट्रैक खरीद प्रणाली बनाने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने सभी सुधारात्मक कार्य तुरंत शुरू कर सात दिनों में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए।

Girish Saini 

