सनसिटी के नजदीक संचालित हो रही गौशालाएं होंगी गांव ब्राह्मणवास में शिफ्टः उपायुक्त सचिन गुप्ता
सरकार को भेजा शिफ्टिंग का प्रस्ताव।
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि स्थानीय सनसिटी के नजदीक फ्लाईओवर के नीचे रेलवे लाइन के दोनों ओर संचालित की जा रही गौशालाओं को सुरक्षा के दृष्टिगत गांव ब्राह्मणवास में शिफ्ट किया जाएगा। इस बारे में विकास एवं पंचायत विभाग द्वारा सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है। उन्होंने कहा कि पशुओं के प्रति संवेदनशीलता एवं उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और जिला प्रशासन इस दिशा में निरंतर प्रयासरत है।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने पशुओं के प्रति क्रूरता की रोकथाम एवं पशु कल्याण गतिविधियों को प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय पशुओं के खिलाफ क्रूरता रोकथाम समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि विकास एवं पंचायत विभाग द्वारा उपरोक्त दोनों गौशालाओं को शिफ्ट करने के बारे में प्रस्ताव तैयार किया गया है। उन्होंने जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी को निर्देश दिए कि वे अन्य गांवों में भी ऐसे प्रस्ताव पास करने की संभावनाएं तलाशे। एचएसवीपी की हिदायतों अनुसार इन क्षेत्रों में ऐसी किसी भी गतिविधि की अनुमति नहीं है। उन्होंने उपमंडलाधीश आशीष कुमार से कहा कि वे उपरोक्त गौशालाओं को नोटिस की कार्यवाही पूर्ण करें।
उपायुक्त ने पशुपालन एवं डेयरिंग विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे उपरोक्त गौशालाओं के लिए एंबुलेंस इत्यादि के लिए एस्टीमेट तैयार करें तथा वेटरनरी सर्जन की ड्यूटी भी गौशालाओं में लगाये। बैठक में पशु कल्याण से संबंधित गतिविधियों की समीक्षा की गई तथा गौशालाओं एवं पशु आश्रय स्थलों के संचालन की स्थिति की रिपोर्ट की रिपोर्ट ली गई। आवारा पशुओं के प्रबंधन एवं नसबंदी कार्यक्रमों की समीक्षा भी की गई।
उपायुक्त ने कहा कि सडक़ों पर घूम रहे पशुओं से होने वाली दुर्घटना में किसी भी नागरिक की मृत्यु या दिव्यांगता होने की स्थिति में दीन दयाल उपाध्याय अंत्योदय परिवार सुरक्षा योजना (दयालु) के तहत आर्थिक सहायता प्रदान करने का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि दयालु-2 योजना पोर्टल का सरलीकरण भी किया गया है, ताकि पात्र परिवारों को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से लाभ मिल सके।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, रोहतक के एसडीएम आशीष कुमार, महम के एसडीएम विपिन कुमार, पुलिस उपाधीक्षक दलीप सिंह, डीडीपीओ राजपाल चहल, पशुपालन विभाग के उप निदेशक डॉ. नरेंद्र दहिया, एसडीओ डॉ. हितेश राठी, नगर निगम से सचिन सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Girish Saini 

