संपत्ति कर बकायादारों पर निगम का कड़ा रूख

प्रतिदिन चलेगा सीलिंग अभियानः निगमायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा

संपत्ति कर बकायादारों पर निगम का कड़ा रूख

रोहतक, गिरीश सैनी। नगर निगम, रोहतक द्वारा संपत्तिकर बकायादारों के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए अब प्रतिदिन सीलिंग अभियान चलाया जाएगा। नगर निगम आयुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा की अध्यक्षता में संपत्ति कर शाखा के अधिकारियों की एक बैठक में संपत्ति कर आवेदनों व संपत्ति कर वसूली बारे विस्तृत समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए कि संपत्ति कर आवेदनों को लंबित न रखा जाए तथा संपत्ति कर बकायादारों पर कार्रवाई की जाए।

 

निगमायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि निगम क्षेत्र में बकायेदारों को पूर्व में नोटिस जारी किए गए हैं, जिसके बावजूद अनेक संपत्ति धारकों द्वारा अब तक बकाया संपत्तिकर जमा नहीं कराया गया। ऐसे बकायेदारों के विरुद्ध अब सख्ती से कार्रवाई करते हुए नियमानुसार सील किया जाएगा। शुक्रवार को नगर निगम द्वारा ऐसी दो संपत्तियों पर सीलिंग की कार्रवाई की गई, जिन पर लगभग 1.37 करोड़ रूपये बकाया था।

 

निगमायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि सीलिंग अभियान निरंतर जारी रहेगा। निगम का उद्देश्य नागरिकों को कर भुगतान के प्रति जागरूक और उत्तरदायी बनाना है। उन्होंने कहा कि समय पर संपत्ति कर अदा करने से शहर के विकास कार्यों को गति मिलेगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।