रोहतक में सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा करेंगे ध्वजारोहण
रोहतक, गिरीश सैनी। 80वें स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय समारोह में प्रदेश के सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा बतौर मुख्यातिथि राष्ट्रीय ध्वजारोहण करेंगे और भव्य मार्च पास्ट की सलामी लेंगे। समारोह 15 अगस्त को स्थानीय राजीव गांधी खेल परिसर में आयोजित होगा।
अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने बताया कि समारोह से पूर्व डॉ. अरविंद शर्मा मदवि परिसर स्थित राज्य स्तरीय युद्ध स्मारक पर शहीदों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देंगे। समारोह स्थल पर पहुंचने के बाद राष्ट्रीय गीत की प्रस्तुति होगी और इसके पश्चात ध्वजारोहण किया जाएगा। मुख्यातिथि खुली जीप में परेड का निरीक्षण करेंगे।
परेड कमांडर डीएसपी तनुज शर्मा के नेतृत्व में हरियाणा पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, गाइड, स्काउट, प्रजातंत्र के प्रहरी तथा हिंदुस्तान स्काउट एंड गाइड की टुकड़ियां मार्च पास्ट में हिस्सा लेंगी।
मार्च पास्ट के बाद मुख्यातिथि जिलावासियों को संबोधित करेंगे और स्वतंत्रता सेनानियों व युद्ध वीरांगनाओं का सम्मान करेंगे। विभिन्न विद्यालयों के 1500 से अधिक विद्यार्थी सामूहिक शारीरिक अभ्यास का प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद देशभक्ति से ओतप्रोत आठ सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को भी सम्मानित किया जाएगा और राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन होगा।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि सांपला और महम में भी उपमंडल स्तरीय समारोह होंगे। सांपला में सोनीपत के विधायक निखिल मदान तथा महम में चिकित्सा परिषद के चेयरमैन सतीश खट्टर मुख्यातिथि के रूप में समारोह में शामिल होंगे।

Girish Saini 

