सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने किया भगवान परशुराम जयंती कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा है कि राज्य सरकार की संत महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना के तहत 30 मई को गांव पहरावर में भगवान परशुराम जयंती पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। डॉ अरविंद शर्मा ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और तैयारी के बारे में आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए।
सहकारिता मंत्री ने कहा कि कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे। अध्यक्षता भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पं. मोहन लाल बड़ौली करेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में केंद्र के अलावा विभिन्न राज्यों के मंत्री व बड़े नेता भी भाग लेंगे। तत्कालीन मुख्यमंत्री एवं मौजूदा केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने 15.5 एकड़ जमीन विद्या प्रचारिणी सभा को दी है।
डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि यह कार्यक्रम सैनिकों और शहीदों के सम्मान में, भगवान परशुराम की शान में, 36 बिरादरी के कल्याण में, ब्राह्मण है मैदान में, के तहत आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूरा कार्यक्रम देश के सैनिकों और शहीदों को समर्पित है। उन्होंने कहा कि गौड़ ब्राह्मण विद्या प्रचारिणी सभा के प्रदेश भर में 80 हजार से अधिक सदस्य हैं।उन्होंने कहा कि गांव पहरावर में संस्था का तीसरा परिसर आरंभ होने जा रहा है। इससे बच्चों का उज्जवल भविष्य होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की बदौलत गौड़ ब्राह्मण विद्या प्रचारिणी सभा की लगभग 50 वर्षों के बाद एक नई संस्था का शुभारंभ होने जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने पार्किंग की व्यवस्था, प्रवेश व निकास, मीडिया गैलरी, मुख्य मंच के अलावा सांस्कृतिक मंच व विशिष्ट लोगों के लिए मंच आदि के बारे में दिशा निर्देश जारी किए। नगर निगम के आयुक्त आनंद कुमार शर्मा ने मंत्री डॉ अरविंद शर्मा को कार्यक्रम की तैयारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
नगर निगम के आयुक्त एवं भगवान परशुराम समारोह के नोडल अधिकारी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने इससे पहले लघु सचिवालय के सभागार में तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक ली और अधिकारियों से तैयारियों के बारे में रिपोर्ट प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान सांपला के एसडीएम उत्सव आनंद, महम के एसडीएम दलवीर फोगाट, गौड़ ब्राह्मण संस्था के प्रशासक एचसीएस आशीष वशिष्ठ, नगराधीश अंकित कुमार, महम शुगर मिल के एमडी मुकुंद तंवर, डीएसपी रवि खुंडिया, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता हेमंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।