स्कूली विद्यार्थियों को मानसिक मजबूती और आत्मविश्वास का संदेश दिया

स्कूली विद्यार्थियों को मानसिक मजबूती और आत्मविश्वास का संदेश दिया

रोहतक, गिरीश सैनी। मन में छिपे डर को पहचानकर उसका सामना करना और उसे चुनौती देना सफलता की पहली सीढ़ी है। असफलता, सामाजिक दबाव और लोग क्या कहेंगे जैसी आशंकाएं व्यक्ति को आगे बढ़ने से रोकती हैं। यह बात मंडलीय बाल कल्याण अधिकारी एवं राज्य नोडल अधिकारी अनिल मलिक ने भिवानी रोड स्थित एसबी मॉडल स्कूल में आयोजित सेमिनार में कही।

हरियाणा राज्य बाल परिषद की राज्य स्तरीय परियोजना बाल सलाह, परामर्श एवं कल्याण केंद्र के तहत आयोजित सेमिनार में उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि डर व्यक्ति की क्षमताओं और विकास को सीमित कर सकता है। जीवन के अनुभव, मित्रों का समूह, सामाजिक वातावरण और सोशल मीडिया का अनुचित उपयोग भी आशंकाएं बढ़ा सकते हैं।

विद्यार्थियों से डर को स्वीकार कर उसका सामना करने और निरंतर प्रयास करने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और अपनी बात साझा करने के लिए स्वतंत्र माहौल विद्यार्थियों को मानसिक रूप से सशक्त बनाता है।