घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग एवं कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से लगातार छापेमारीः उपायुक्त सचिन गुप्ता
जिला में गैस व पेट्रोल का उपलब्ध है पर्याप्त स्टॉक
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि जिला में घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग एवं कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। खाद्य एवं पूर्ति विभाग की निरीक्षण टीमें शहर के विभिन्न ढाबों एवं दुकानों पर छापेमारी कर रही है तथा अभी तक 105 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं। इस प्रकार के जांच अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे, ताकि गैस आपूर्ति प्रणाली को पारदर्शी एवं सुचारू बनाए रखा जा सके।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि जिला में वर्तमान में 35 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं, जो प्रतिदिन लगभग 7000 से 7500 घरेलू गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं को वितरित कर रही हैं। इसके अलावा, जिला में 172 पेट्रोल पंप संचालित हैं और सभी स्थानों पर गैस एवं पेट्रोल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने नागरिकों का आह्वान किया है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें, शांति एवं धैर्य बनाए रखें तथा अनावश्यक रूप से घरेलू गैस सिलेंडरों का भंडारण न करें।
उपायुक्त ने घरेलू एवं वाणिज्यिक गैस उपभोक्ताओं का आह्वान किया है कि जिन क्षेत्रों में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की सुविधा उपलब्ध कराई जा चुकी है, वहां के उपभोक्ता शीघ्र ही पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन करें। मार्च 2026 से अब तक जिला में कुल 168 नए आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें घरेलू, वाणिज्यिक एवं औद्योगिक श्रेणियां शामिल हैं। पीएनजी कनेक्शन शुल्क विवरण के संदर्भ में बताया कि एकमुश्त भुगतान योजना कुल शुल्क 6000 प्रति परिवार, 5000 रुपये ब्याज मुक्त सुरक्षा जमा (वापसी योग्य), 500 - गैस सुरक्षा जमा (वापसी योग्य), 500 रुपये प्रोसेसिंग एवं दस्तावेज शुल्क (गैर-वापसी योग्य, जीएसटी सहित) शामिल है। इसी तरह ईएमआई योजना के तहत कुल शुल्क 6100 प्रति परिवार है, जिसमें से प्रारंभिक भुगतान 1100 रुपये तथा शेष राशि 5000 रुपये का भुगतान 500 रुपये की 10 आसान किस्तों में किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त 15 मीटर से अधिक पाइपलाइन पर 413 प्रति मीटर (जीएसटी सहित) शुल्क देय होगा। नकद भुगतान स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी दरें परिवर्तन के अधीन हैं।

Girish Saini 

