महानिदेशक केएम पांडुरंग की अध्यक्षता में हरियाणा फिल्म फेस्टिवल को लेकर हुई मंत्रणा
सीएम नायब सिंह सैनी की दूरदर्शी सोच के अनुरूप प्रदेश की कला एवं संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए सुपवा में होगा हरियाणा फिल्म फेस्टिवलः कुलपति डॉ. अमित आर्य
रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा) में हर साल हरियाणा फिल्म फेस्टिवल कराने की मुख्यमंत्री की घोषणा को अमलीजामा पहनाने की दिशा में कार्य शुरू हो गया है। मंगलवार को चंडीगढ़ में प्रदेश के कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग ने सुपवा के कुलपति, कुलसचिव व फैकल्टी के साथ इस बारे में पहली बैठक कर हरियाणा फिल्म फेस्टिवल के संभावित स्वरूप को लेकर मंत्रणा की।
इस बैठक की अध्यक्षता कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग के महानिदेशक केएम पांडुरंग ने की। इस दौरान विभाग के अतिरिक्त निदेशक विवेक कालिया, परियोजना निदेशक डॉ पवन आर्य, चित्रकला अधिकारी रेणु हुड्डा, रंगमंच अधिकारी तान्या चौहान, नृत्य अधिकारी सुमन डांगी, मूर्तिकला अधिकारी हृदय कौशल, डीएलसी सुपवा के कुलपति डॉ अमित आर्य, कुलसचिव डॉ गुंजन मलिक मनोचा, फिल्म एवं टेलीविजन फैकल्टी से दीप्ति खुराना व केशव आदि मौजूद रहे। बैठक में विशेष आमंत्रित सदस्य के तौर पर फिल्मकार अतुल गंगवार ने शिरकत की।
इस दौरान महानिदेशक केएम पांडुरंग ने कहा कि मार्च माह में बजट पेश करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग के सहयोग से सुपवा में हर साल हरियाणा फिल्म फेस्टिवल कराने का ऐलान किया था। ऐसे में कोशिश है कि इसी साल विभाग और सुपवा मिलकर मुख्यमंत्री की इस घोषणा को मूर्त रूप प्रदान करें। इससे पहले आज तक सरकारी स्तर पर इस तरह का फिल्म फेस्टिवल हरियाणा में आयोजित नहीं किया गया है। इस आयोजन के जरिए प्रदेश की कला व संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की हर संभव कोशिश की जाएगी।
कुलपति डॉ अमित आर्य ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की दूरदर्शी सोच के अनुरूप हरियाणा फिल्म फेस्टिवल क्षेत्रीय सिनेमा, स्वतंत्र फिल्म निर्माताओं, छात्र रचनाकारों एवं डॉक्यूमेंट्री निर्माताओं को एक नया मंच प्रदान करेगा। हरियाणा फिल्म फेस्टिवल सुपवा में आयोजित किए जाने का निर्णय निश्चित तौर पर प्रदेश सरकार का सराहनीय कदम है। इससे न सिर्फ प्रदेश की कला एवं संस्कृति को सहेजा जा सकेगा, बल्कि सुपवा के छात्रों को अलग तरह का एक्सपोजर भी मिलेगा। फिल्मकार अतुल गंगवार ने भी फिल्म फेस्टिवल के स्वरूप को लेकर अपने सुझाव दिए।
कुलसचिव डॉ गुंजन मलिक मनोचा ने कहा कि इस समय हरियाणा के कलाकारों, गीत-संगीत, एल्बम आदि का देश भर में डंका बज रहा है। उन्होंने कहा कि डीएलसी सुपवा अपनी तरह का देश का पहला विवि है, जिसमें एक्टिंग, डायरेक्शन, सिनेमेटोग्राफी, एडिटिंग, ऑडियोग्रॉफी में विभिन्न डिग्री कोर्स कराए जा रहे हैं। यहां से पढ़ाई करने के बाद छात्र देश-विदेश की फिल्म इंडस्ट्री में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। सुपवा के छात्रों द्वारा तैयार शॉर्ट फिल्में व डॉक्यूमेंट्री देश-दुनिया के फिल्म फेस्टिवल में प्रदर्शित होने के साथ ही अनेक अवार्ड भी जीत रही हैं।
Girish Saini 


