सकारात्मक पत्रकारिता ही राष्ट्र आराधनाः पवन जिंदल

राष्ट्र एवं समाज के उत्थान में युवाओं और मीडिया की भूमिका विषय पर जीयू में विशेष कार्यक्रम

सकारात्मक पत्रकारिता ही राष्ट्र आराधनाः पवन जिंदल

गुरुग्राम, गिरीश सैनी। गुरुग्राम विवि के मीडिया अध्ययन विभाग द्वारा राष्ट्र एवं समाज के उत्थान में युवाओं और मीडिया की भूमिका विषय पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में बतौर मुख्य वक्ता, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र संघचालक पवन जिंदल ने शिरकत की। अध्यक्षता कुलपति प्रो. संजय कौशिक ने की।

पवन जिंदल ने कहा कि मानव कल्याण, समाज और राष्ट्र उत्थान की भावना से जुड़ी पत्रकारिता ही सार्थक है। उन्होंने युवाओं से नागरिक जिम्मेदारियों, परिवार, सामाजिक दायित्व और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाचार सबसे पहले पहुंचाना ही पत्रकारिता की सफलता नहीं, बल्कि सत्य आधारित और राष्ट्रहित से जुड़े समाचार को समाज तक पहुंचाना अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों को सकारात्मक एवं प्रभावी लेखन के लिए प्रेरित किया।

कुलपति प्रो. संजय कौशिक ने कहा कि जिम्मेदार पत्रकारिता और सक्रिय युवा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पत्रकारों की भाषा प्रभावी और सशक्त होनी चाहिए, क्योंकि पत्रकारिता का समाज की सोच और दिशा पर व्यापक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक विकास में सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया।

वरिष्ठ पत्रकार अनिल कश्यप ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। डीन प्रो. राकेश कुमार योगी ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सकारात्मक पत्रकारिता सशक्त राष्ट्र निर्माण का आधार है।