संविधान रक्षा मार्च से लोकतंत्र की लड़ाई को मिलेगी मजबूतीः कुमारी सैलजा

बाजरे की सरकारी खरीद दोबारा शुरू करने और किसानों को भावांतर योजना का लाभ देने की उठाई मांग

संविधान रक्षा मार्च से लोकतंत्र की लड़ाई को मिलेगी मजबूतीः कुमारी सैलजा

चरखी दादरी, गिरीश सैनी। कांग्रेस महासचिव एवं सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि राहुल गांधी के आह्वान पर देशभर में निकाला जा रहा संविधान रक्षा मार्च लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा की दिशा में मजबूत कड़ी साबित होगा। कांग्रेस संविधान और आमजन के अधिकारों की लड़ाई जारी रखेगी।

कुमारी सैलजा बुधवार को गांव साहुवास में जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील धानक के पारिवारिक आयोजन में पहुंची। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने भाजपा सरकार पर किसान, मजदूर, व्यापारी, कर्मचारी और युवाओं की उपेक्षा करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि किसानों को फसल बेचने में भी परेशानियां उठानी पड़ रही हैं। सरकार बाजरे की सरकारी खरीद दोबारा शुरू करे और सभी किसानों को भावांतर योजना का लाभ दे, ताकि उन्हें आर्थिक नुकसान से राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी।

इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुशील धानक, पूर्व विधायक धर्मपाल सांगवान, अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय कन्वीनर राजू मान, समेत अनेक कार्यकर्ता और गणमान्य जन मौजूद रहे।