सैलजा, किरण ब रणदीप की तिकड़ी कांग्रेस संदेश यात्रा निकाल कर लोगों को करेगी जागरूक

नए साल में दसों लोकसभा क्षेत्रों में गरमाएगा राजनीतिक माहौल। 

सैलजा, किरण ब रणदीप की तिकड़ी कांग्रेस संदेश यात्रा निकाल कर लोगों को करेगी जागरूक

रोहतक, गिरीश सैनी। भाजपा की तानाशाही तथा लोगों को बांटने की नीति के विरुद्ध जनता की आवाज और लोकतंत्र को मजबूत करना आज की ज़रूरत है। जब देश की सबसे बड़ी पंचायत संसद में ही लोकतंत्र का हनन हो और जनता की आवाज नहीं उठने दी जाए तो लोकतंत्र के क्या ही  मायने बचते हैं। संविधान से खिलवाड़ रोकने  के लिए आगामी लोकसभा चुनाव में मजबूती के साथ आगे बढ़ना आवश्यक है। इसी उद्देश्य के साथ हरियाणा के सभी 10 लोकसभा चुनाव क्षेत्रों में कांग्रेस संदेश यात्रा निकाल कर जनता को जागरूक किया जाएगा। यह घोषणा पूर्व केंद्रीय मंत्री व कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव कुमारी सैलजा ने बुधवार को रोहतक में की। 
पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा के गढ़ रोहतक में स्थित मैना पर्यटन केंद्र में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में अब कम समय बचा है। इसलिए इस यात्रा के माध्यम से प्रदेश के सभी दस लोकसभा क्षेत्रों में जाकर जनता को वर्तमान हालात व पार्टी की विचारधारा से अवगत कराया जाएगा। हरियाणा में बीजेपी-जेजेपी की धर्म व जाति के नाम पर बांटने की राजनीति को प्रदेश की जनता स्वीकार नहीं करती है। कांग्रेस ही प्रदेश की 36 बिरादरी को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों से हर वर्ग त्रस्त है। वर्तमान गठबंधन सरकार बेरोजगारी में हरियाणा को नंबर एक पर ले आई है। हर वर्ष दो करोड़ रोजगार देने का दावा करने वाले अब कहीं नज़र नहीं आ रहे हैं। युवा वर्ग को इस सरकार ने रेहड़ी लगाने व पकौड़े बेचने में लगा दिया है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि ओबीसी के नाम पर राजनीति तो अवश्य की जाती है, लेकिन आंकड़ों की बात आने पर  भाजपा इससे पीछे हटती दिखती हैं। देश की संपत्ति चंद लोगों के हाथ में बेच दी है। इन्हीं मुद्दों को लेकर नए साल में मध्य जनवरी में यात्रा प्रारंभ की जाएगी।  उन्होंने कहा कि यात्रा के आधिकारिक कार्यक्रम की जानकारी एक सप्ताह पहले ही साझा करेंगे। इस दौरान पूर्व मंत्री किरण चौधरी, राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला, पूर्व मंत्री सुभाष बतरा तथा प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता मुकेश सैनी भी मौजूद रहे।