वोट चोरी के आरोपों पर कांग्रेस सड़कों पर, वोट चोर, गद्दी छोड़ के नारों के बीच मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग

रोहतक में पूर्व सीएम हुड्डा ने चुनाव आयोग पर साधा निशाना, बोले—जनादेश से हुई छेड़छाड़ का जवाब दे आयोग

वोट चोरी के आरोपों पर कांग्रेस सड़कों पर, वोट चोर, गद्दी छोड़ के नारों के बीच मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग

रोहतक, गिरीश सैनी। कथित वोट चोरी और चुनाव आयोग पर भाजपा से मिलीभगत के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को प्रदेशभर में प्रदर्शन किया। रोहतक में हुए प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने वोट चोर, गद्दी छोड़ के नारे लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग की।

पूर्व सीएम हुड्डा ने आरोप लगाया कि भाजपा की कथित वोट चोरी का सच अब जनता के सामने उजागर हो चुका है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के बाद मीडिया ने भी इस मुद्दे को सामने रखा है। हुड्डा ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर भाजपा को फायदा पहुंचाने के लिए चुनाव आयोग के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए उनके कार्यकाल में लिए गए चुनाव संबंधी फैसलों की व्यापक समीक्षा की मांग की।

हरियाणा विधानसभा चुनाव के मतदान प्रतिशत का जिक्र करते हुए हुड्डा ने कहा कि आयोग ने 5 अक्टूबर की रात मतदान प्रतिशत 61.19 फीसदी बताया था, जिसे अगले दिन बढ़ाकर 65.65 फीसदी और मतगणना से एक दिन पहले 67.9 फीसदी कर दिया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि मतदान प्रतिशत में इतनी बढ़ोतरी कैसे हुई। हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव आयोग से इस संबंध में कई सवाल पूछे, लेकिन अब तक जवाब नहीं मिला।

इससे पहले हुड्डा ने शहीद भगत सिंह की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि भगत सिंह जैसे शहीदों के बलिदान से देश को आजादी मिली और इसकी रक्षा करना प्रत्येक भारतीय का कर्तव्य है।

प्रदर्शन में आनंद सिंह दांगी, प्रो. वीरेंद्र, चक्रवर्ती शर्मा, कुलदीप सिंह नंबरदार सहित अन्य नेता मौजूद रहे। प्रदर्शन के बाद हुड्डा ने नया बांस, भैंसरू खुर्द, भैंसरू कलां, हसनगढ़ और समचाना गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से संवाद किया।