कांग्रेस संविधान की हत्यारी पार्टीः लाल सिंह आर्य
मोदी सरकार की 11 सालों की उपलब्धियां ऐतिहासिकः पं. मोहन लाल बड़ौली

रोहतक में भाजपा की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला।
रोहतक, गिरीश सैनी। डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस, आपातकाल को संविधान हत्या दिवस के रूप में मनाने और पौधारोपण अभियान को लेकर रोहतक स्थित भाजपा कार्यालय मंगल कमल में भाजपा की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यशाला में भाजपा एससी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पं. मोहन लाल बड़ौली शामिल हुए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को चल रहे अभियानों के बारे में बताया।
लाल सिंह आर्य ने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाई और कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कांग्रेस को संविधान की हत्यारी पार्टी कहा। उन्होंने पार्टी कार्यालय में पौधारोपण कर कार्यकर्ताओं को एक पेड़ मां के नाम लगाने का आह्वान भी किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने मोदी सरकार के 11 सालों की उपलब्धियों को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि 11 सालों में पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत सशक्त और मजबूत हुआ है। कार्यशाला में संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, एससी मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष पूर्व विधायक सत्य प्रकाश जरावता, प्रदेश सह-मीडिया प्रभारी शमशेर सिंह खरक, कार्यशाला के संयोजक जवाहर सैनी सहित सभी पांचों सह-संयोजक, सभी जिलों के संयोजक एवं सह-संयोजक मौजूद रहे।
कार्यशाला उपरांत मीडिया से बातचीत में एससी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सशक्त और आत्मनिर्भर भारत तैयार किया है। मोदी सरकार भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि 21 जून को योग दिवस, 23 जून को डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस और 25 जून को संविधान हत्या दिवस है। इन तीनों कार्यक्रमों को लेकर 17 जून तक मंडल स्तर पर कार्यशालाएं होंगी। हर बूथ पर पौधारोपण अभियान भी चलाया जाएगा। मंडल स्तर पर योग दिवस मनाया जाएगा और बाबा साहेब आंबेडकर और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि सभाएं भी होंगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा में लगभग 4097 शक्ति केंद्र हैं और सभी केंद्रों पर 6 जुलाई तक कार्यक्रम चलेंगे।
आपातकाल को लेकर कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने अपनी सत्ता बचाने के लिए देश पर आपातकाल थोपा था। कांग्रेस ने व्यक्ति की स्वतंत्रता को बंधक बनाया। आपातकाल का विरोध करने पर साढ़े तीन लाख लोगों को जेलों में भेजकर यातनाएं दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 72 बार चुनी गई सरकारों को गिराया। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में जो भी संशोधन हुए हैं, जनकल्याण को ध्यान में रखकर कर किए गए हैं।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पं. मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 वर्षों के कार्यकाल में तेज गति से देश का विकास हुआ है। गरीब कल्याण की योजनाएं गरीबों तक पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश की सीमाएं सुरक्षित है। भारत की सेनाएं दुश्मनों का मुंह तोड़ जवाब देती है। ऑपरेशन सिंदूर के फैसले का देश की 140 करोड़ जनता ने स्वागत किया है। बड़ौली ने कहा कि 11 सालों में सड़कों का जाल बिछा है और रेलवे नेटवर्क में विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सेवा ही संगठन के मूल मंत्र पर चलते हुए प्रदेशवासियों की सेवा कर रहे हैं।