कांग्रेस के पास भ्रष्टाचार और परिवारवाद के अलावा कुछ नहीं है: डॉ अरविंद शर्मा 

कांग्रेस के पास भ्रष्टाचार और परिवारवाद के अलावा कुछ नहीं है: डॉ अरविंद शर्मा 

रोहतक, गिरीश सैनी। रोहतक लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि हार के डर से कांग्रेस अब साजिश रचने पर उतर आई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मेरे नाम के मिलते-जुलते दो लोगों की तलाश की और उन्हें प्रत्याशी बनाया है। इससे साफ है कि कांग्रेस प्रत्याशी डरे हुए है। अब सभी को पता चल गया है कि हुड्डा परिवार किस तरह से भय व परिवार वाद की राजनीति करता है।

डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के पास भ्रष्टाचार और परिवारवाद के अलावा कुछ नहीं है। जनता कांग्रेस शासन काल के भय व भ्रष्टाचार को नहीं भूली है और अब वोट की ताकत से जनता इसका जवाब देगी। उन्होंने कहा कि देश व विदेश में भारत को प्रधानमंत्री मोदी ही मजबूत कर सकते है। देश की जनता भी यह समझ चुकी है और प्रदेश में दस की दस सीटों पर भाजपा जीत दर्ज करेगी।

वीरवार को डॉ अरविंद शर्मा ने रोहतक शहर में विभिन्न स्थानों पर आयोजित जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व गुरू बनने की और अग्रसर है। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा की जनता तीसरी बार मोदी को देश का प्रधानमंत्री बनाने का मन बना चुकी है। 

डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए वह झूठ बोलकर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है, लेकिन देश व प्रदेश की जनता विपक्ष के बहकावे में नहीं आएगी।

डॉ अरविंद शर्मा ने अपने आवास पर भी समर्थकों के साथ बैठक कर चुनाव को लेकर जरुरी निर्देश दिए।