महिलाओं का सम्मान नहीं करती कांग्रेसः डॉ. अर्चना गुप्ता

पीएम मोदी 17 जुलाई को जींद से पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।

महिलाओं का सम्मान नहीं करती कांग्रेसः डॉ. अर्चना गुप्ता

रोहतक, गिरीश सैनी। भाजपा प्रदेश अध्यक्षा डॉ. अर्चना गुप्ता ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी तरह परिवारवाद और वंशवाद की राजनीति में डूबी हुई है। यही कारण है कि राज्यसभा सांसद रहते हुए भी बेटे को लोकसभा चुनाव लड़ाया गया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पार्टी के कार्यकर्ताओं की अनदेखी की और केवल परिवार को आगे बढ़ाने का काम किया।

मंगलवार को रोहतक में पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस में महिलाओं को भी सम्मान नहीं मिलता। उन्होंने कुमारी शैलजा का जिक्र करते हुए कहा कि एक वरिष्ठ महिला नेता होने के बावजूद कुमारी शैलजा की लगातार उपेक्षा की जा रही है।

डॉ. गुप्ता ने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है और ईमानदारी व निष्ठा से काम करने वाले कार्यकर्ताओं को सम्मान और अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने यह साबित किया है कि चाय बेचने वाले का बेटा देश का प्रधानमंत्री और किसान का बेटा प्रदेश का मुख्यमंत्री बन सकता है। भाजपा में परिवारवाद या राजनीतिक वंशवाद के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने भाजपा को महिलाओं को सबसे अधिक सम्मान देने वाली राजनीतिक पार्टी बताया।

डा. अर्चना गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हरियाणा आगमन पर कहा कि 17 जुलाई को पीएम मोदी जींद से पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जींद में एक बड़ी रैली को भी संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री कुरुक्षेत्र एलिवेटेड रेलवे ट्रैक, जम्मू-कटरा हाईवे के हरियाणा के हिस्से, कोरियावास मेडिकल कॉलेज तथा भिवानी मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही वे कुरुक्षेत्र में सिख संग्रहालय की आधारशिला भी रखेंगे। इन कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए मंत्री अनिल विज, श्रुति चौधरी, आरती राव व श्याम सिंह राणा की जिम्मेदारियां तय की गई है।

उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पर्यावरण अनुकूल परिवहन को बढ़ावा दिया जाएगा। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, साइकिलों, मोटरसाइकिलों, इलेक्ट्रिक स्कूटरों और इलेक्ट्रिक बसों के माध्यम से लोगों को कार्यक्रम स्थलों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि पेट्रोल और डीजल की खपत कम हो।