भारत को तोड़ने की साजिश कर रही कांग्रेस: रामचंद्र जांगड़ा

भारत को तोड़ने की साजिश कर रही कांग्रेस: रामचंद्र जांगड़ा
Source: IANS

रोहतक, गिरीश सैनी। भाजपा के राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए राहुल गांधी के मुख्य सलाहकार सैम पित्रोदा द्वारा की गई नस्लीय टिप्पणी की घोर निन्दा की। रोहतक में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि पित्रोदा के बयान से साफ है कि कांग्रेस भारत को एक बार फिर नस्लीय और धार्मिक आधार पर तोड़ना चाहती है। सैम पित्रोदा ने हाल ही में बयान दिया कि दक्षिणी भारत के लोग अफ्रीकन जैसे दिखते हैं और पूर्वोत्तर के लोग चाइना के लोगों जैसे दिखते हैं। 

जांगड़ा ने कहा कि इससे स्पष्ट है कि कांग्रेस भारत की संस्कृति और सभ्यता को आज भी सहन नहीं कर पा रही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार आने पर कभी विरासत टैक्स लगाने की बात बोल रही है तो कभी मुस्लिम तुष्टिकरण को बढ़ाकर आरक्षण देने की बात कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा 400 पार सीटों पर जीत रही है और कांग्रेस को यह हजम नहीं हो रहा। इसलिए कांग्रेसी अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं।

रामचंद्र जांगड़ा ने कहा कि कांग्रेस देश को बांटना चाहती है, लेकिन भाजपा इस खतरनाक इरादे को कभी सफल नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सैम पित्रोदा से इस्तीफा ले लिया है, लेकिन उन पर तो बहुत पहले ही कारवाई हो जानी चाहिए थी। पित्रोदा का इस्तीफा लेना मात्र दिखावा है और कांग्रेस जनता को गुमराह कर रही है। 

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि हरियाणा में भाजपा लोकसभा की सभी 10 सीट जीत रही है। इस दौरान प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी शमशेर सिंह खरक सहित अन्य मौजूद रहे।