समाजसेवी धर्मबीर नांदल के निधन पर शोक, प्रार्थना सभा 4 मई को

समाजसेवी धर्मबीर नांदल के निधन पर शोक, प्रार्थना सभा 4 मई को

रोहतक, गिरीश सैनी। प्रख्यात समाजसेवी व जनचिंतक धर्मबीर नांदल के निधन पर विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक व शैक्षणिक संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। गत 23 अप्रैल को 77 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया था। वे पिछले लगभग एक दशक से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे।

गांव बोहर निवासी धर्मबीर नांदल का जन्म 19 दिसंबर 1948 को एक प्रतिष्ठित परिवार में हुआ था। परिवार से मिले संस्कारों के चलते वे शुरू से ही समाज सेवा के कार्यों से जुड़े रहे। वे युवा जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रहे और युवाओं को संगठित कर राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित किया। दिवंगत नांदल नगर भारती संस्था के संस्थापक अध्यक्ष रहे, जिसके माध्यम से उन्होंने शहरी समस्याओं, नागरिक सुविधाओं और जनजागरूकता से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया। वे नेशनल टेक्सटाइल बोर्ड के नामित निदेशक भी रहे।

उनकी धर्मपत्नी डॉ. सरोज नांदल पत्रकारिता एवं जनसंचार की सेवानिवृत्त प्रोफेसर हैं। दिवंगत आत्मा की शांति के लिए 4 मई को प्रातः 11 बजे नांदल भवन, गांव बोहर (रोहतक) में प्रार्थना सभा आयोजित की जाएगी।