एसआईआर अभियान का कार्य 24 जुलाई तक हर हाल में करें पूराः एसडीएम विपिन कुमार
महम, गिरीश सैनी। महम के उपमंडलाधीश एवं महम विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी विपिन कुमार ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान का कार्य निर्धारित समय सीमा 24 जुलाई 2026 तक हर हाल में पूरा किया जाए, ताकि मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाया जा सके।
एसडीएम विपिन कुमार ने सुपरवाईजरों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि राजनीतिक दलों को भी पत्र भेजकर अनुरोध किया गया है कि उनके बूथ स्तर एजेंट (बीएलए) संबंधित बूथों के बीएलओ से अनुपस्थित, स्थानांतरित एवं मृत मतदाताओं की सूची प्राप्त कर उनका भौतिक सत्यापन करवाएं। इससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि मतदाता सूची में केवल पात्र मतदाताओं के नाम ही शामिल रहें।
एसडीएम ने कहा कि इसी उद्देश्य से 17 जुलाई को महम स्थित राजकीय महाविद्यालय में बूथ स्तर एजेंटों की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें बीएलए को एसआईआर अभियान के दौरान अनुपस्थित, स्थानांतरित एवं मृत मतदाताओं के रूप में चिन्हित व्यक्तियों के सत्यापन की प्रक्रिया तथा उनकी भूमिका के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
Girish Saini 


