मानव सभ्यता और विकास का मूल आधार है संचारः प्रो. आर.के. अनायत
हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के जनसंचार विभाग में आयोजित एक दिवसीय संवाद कार्यक्रम में महर्षि वाल्मीकि संस्कृत विवि, मूंदड़ी के कुलपति प्रो. राजेन्द्र कुमार अनायत ने कहा कि संचार मानव सभ्यता और विकास का मूल आधार है। संचार ने ही मानव को अन्य जीवों से अलग पहचान दिलाई है और आधुनिक दौर में इसका महत्व लगातार बढ़ रहा है।
बतौर मुख्य अतिथि, प्रो. अनायत ने कहा कि जनसंचार के क्षेत्र में युवाओं के लिए व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को मीडिया के तकनीकी और रचनात्मक दोनों पक्षों की समझ विकसित करने तथा निरंतर सीखते रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि संचार ही अब दुनिया है, इसलिए मीडिया विद्यार्थियों को बदलती तकनीकों और संचार माध्यमों के साथ खुद को लगातार अपडेट रखना चाहिए।
जीजेयू के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने इस आयोजन पर कहा कि सूचना के अनेक माध्यम उपलब्ध होने के कारण विद्यार्थियों के लिए हर सूचना को आंख मूंदकर स्वीकार करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि मीडिया विद्यार्थियों के लिए तथ्यपरकता, सत्यापन, जिम्मेदारी और विवेक बेहद महत्वपूर्ण हैं।
जनसंचार विभागाध्यक्ष प्रो. ए.राम पांडे ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए विद्यार्थियों से डिग्री तक सीमित न रहकर संचार और मीडिया के क्षेत्र में निरंतर अध्ययन, व्यावहारिक प्रशिक्षण और नई तकनीकों के ज्ञान पर ध्यान देने का आह्वान किया।

Girish Saini 


