पीजीआईएमएस द्वारा गत एक वर्ष के दौरान जारी जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्रों की जांच के लिए कमेटी गठित
विकास एवं पंचायत मंत्री ने अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने के निर्देश दिए।
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने पीजीआईएमएस द्वारा गत एक वर्ष के दौरान जारी किए गए जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्रों की जांच के लिए कमेटी गठित करने के निर्देश दिए हैं। यदि कमेटी की जांच में प्रमाण-पत्र जारी करने में कोई अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज करवाई जाए।
मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने जिला लोक सम्पर्क एवं परिवेदना समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि समिति के एजेंडे में 16 शिकायतें शामिल की गई थी, जिनमें से 12 शिकायतों का मौके पर निपटारा कर दिया गया तथा चार अन्य शिकायतों को लंबित रखते हुए जांच कमेटी गठित करने के निर्देश दिए। बैठक में रोहतक के विधायक भारत भूषण बत्तरा, महम के विधायक बलराम दांगी, भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, जिला परिषद की चेयरपर्सन मंजू हुड्डा, मेयर रामअवतार वाल्मीकि सहित अन्य मौजूद रहे।
विकास एवं पंचायत मंत्री ने स्थानीय फतेहपुर कॉलोनी निवासी मंजू की शिकायत की सुनवाई के दौरान पीजीआईएमएस द्वारा गत एक वर्ष के दौरान जारी किए गए जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्रों की जांच के लिए अतिरिक्त उपायुक्त, सिविल सर्जन तथा पीजीआईएमएस के चिकित्सा अधीक्षक की समिति गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि समिति द्वारा जांच के दौरान जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने में अनियमितता पाई जाए तो संबंधित के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज करवाई जाए। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उनके पति की मृत्यु के दो वर्ष बाद भी उन्हें मृत्यु प्रमाण-पत्र नहीं जारी किया गया है।
मंत्री कृष्णलाल पंवार ने स्थानीय शिव विहार निवासी रविन्द्र सिंह की शिकायत की सुनवाई करते हुए नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे गली के बीच में अनाधिकृत रूप से बनाए गए व्यक्तिगत सेप्टिक टैंक को तुरंत हटवाए। गांव कटेसरा निवासी विनोद कुमार की शिकायत की सुनवाई करते हुए निशानदेही के लिए एसडीएम, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी एवं तहसीलदार की कमेटी गठित करने के निर्देश दिए। गांव बहुअकबरपुर निवासी कपूर सिंह सूबेदार की शिकायत की सुनवाई करते हुए उपमंडलाधीश की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी गठित करने के निर्देश दिए।
विकास एवं पंचायत मंत्री ने स्थानीय सैनिक कॉलोनी निवासी गीता की शिकायत की सुनवाई करते हुए कहा कि अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी निरीक्षण कर यह पता लगाएगी कि संबंधित फैक्ट्री द्वारा नियमों का उल्लंघन तो नहीं किया जा रहा है। गांव निंदाना निवासी रानी की शिकायत की सुनवाई करते हुए कहा कि एलडीएम द्वारा पुलिस को जांच रिपोर्ट सौंपी जाएगी। स्थानीय गीता कॉलोनी व नगर कॉलोनी वासियों की शिकायत की सुनवाई करते हुए रेलवे के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे ऑफिशियल रूप से नगर निगम को डबल फाटक अंडरपास को टेकओवर करने बारे लिखित में दें, जिसके उपरांत नगर निगम द्वारा इस अंडरपास की देखरेख की जाएगी।
उन्होंने कलानौर कलां के वार्ड-1 निवासियों की सुनवाई करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय समिति गठित कर रेलवे स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज के निर्माण की संभावनाए तलाशने के निर्देश दिए। स्थानीय मोहल्ला बेरी वाला निवासी रामअवतार की शिकायत की सुनवाई करते हुए नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पिलर लगाकर शिकायतकर्ता की दुकान बनवाने में मदद करें।
उन्होंने एजेंडे में शामिल शिकायतों की सुनवाई के उपरांत अन्य शिकायतकर्ताओं की शिकायतें भी सुनी। बैठक के उपरांत प्रेस प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सत्ता पक्ष के विधायकों के साथ-साथ विपक्ष के विधायकों को भी अपने क्षेत्रों में विकास के लिए एक समान फंड उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। सरकार द्वारा सभी वर्गों के कल्याण के लिए योजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं।
बैठक में उपायुक्त सचिन गुप्ता, नगर निगम आयुक्त डॉ. आनंद शर्मा, पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, आरटीए सचिव वीरेंद्र ढुल, उपमंडलाधीश आशीष कुमार एवं विपिन कुमार, रोहतक सहकारी चीनी मिल के प्रबंध निदेशक श्वेता सुहाग, महम सहकारी चीनी मिल के प्रबंध निदेशक मुकुंद तंवर, नगर निगम की संयुक्त आयुक्त नमिता सिंह, नगराधीश अंकित कुमार सहित संबंधित विभागों के उच्च अधिकारी, समिति के मनोनीत सदस्य मौजूद रहे।

Girish Saini 

