महिला सुरक्षा पर आयोग सख्त, दफ्तरों में बनेंगी शिकायत समितियां
राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्षा ने डीसी-एसपी से की बैठक, महिला थाने व सखी केंद्र का किया निरीक्षण।
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्षा मीना परमार ने वीरवार को उपायुक्त सतबीर सिंह और पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित से मुलाकात कर महिला सुरक्षा और महिलाओं से जुड़े अपराधों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कार्यस्थलों पर आंतरिक शिकायत समितियों के गठन, महिला अपराध, पॉक्सो मामलों, घरेलू हिंसा और नशे की रोकथाम सहित कई मुद्दों पर अधिकारियों से चर्चा की।
उपायुक्त के साथ बैठक में मीना परमार ने कार्यस्थलों पर महिलाओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कार्यालयों में आंतरिक शिकायत समिति गठित की जाए और समिति सदस्यों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाए। समितियों के सदस्यों की सूची कार्यालयों में प्रमुखता से चस्पा करने के भी निर्देश दिए गए।
एसपी गौरव राजपुरोहित के साथ बैठक में महिला अपराध, पॉक्सो एक्ट, घरेलू हिंसा और नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोकथाम को लेकर चर्चा हुई। महिला पुलिस थाने में मामलों की सुनवाई और जांच की भी समीक्षा की गई।
मीना परमार ने वन स्टॉप सेंटर (सखी केंद्र) का निरीक्षण कर वहां महिलाओं को मिल रही सुविधाओं और रिकॉर्ड की जांच की। इसके बाद महिला पुलिस थाने पहुंचकर लंबित मामलों के निपटारे की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि महिला पुलिस थानों का उद्देश्य महिलाओं को बिना झिझक अपनी शिकायत रखने के लिए सुरक्षित माहौल देना है।
आयोग उपाध्यक्षा ने जिला जेल का निरीक्षण कर महिला बंदियों समेत जेल प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा भी लिया। अधिकारियों ने आयोग की हिदायतों की पालना का आश्वासन दिया। इस दौरान एसडीएम आशीष कुमार, नगराधीश शुभम, महिला पुलिस थाना प्रभारी मीना, जिला संरक्षण अधिकारी करमिंद्र कौर सहित आयोग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Girish Saini 

