डिग्री प्रदान करने के साथ ही विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास पर भी फोकस करें कॉलेजः डीसी सचिन गुप्ता

विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी करें तैयार।

डिग्री प्रदान करने के साथ ही विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास पर भी फोकस करें कॉलेजः डीसी सचिन गुप्ता

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने राजकीय व निजी महाविद्यालयों के प्रतिनिधियों का आह्वान किया कि महाविद्यालयों में विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान करने के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व का विकास भी किया जाए । सभी महाविद्यालय वार्षिक योजना तैयार करें, जिसमें अलग-अलग कक्षाओं के लिए गतिविधियों की विस्तृत जानकारी हो। शिक्षा करियर उन्मुखी एवं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास पैदा करने वाली होनी चाहिए।

उच्च शिक्षा विभाग की मासिक समीक्षा बैठक की समीक्षा करते हुए उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि नई शिक्षा नीति 2020 के प्रावधान के अनुसार महाविद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को 120 घंटे की इंटर्नशिप करना अनिवार्य है। जिला में स्थित सभी विभागों को इस संदर्भ में पत्राचार कर सूचित किया जाये। समीक्षा बैठक में सहायक आयुक्त प्रशिक्षु विशाल सिंह, मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी तनुमय दत्ता तथा जिला में स्थित राजकीय एवं निजी कॉलेजों के प्राचार्य व प्रतिनिधि मौजूद रहे।

उपायुक्त ने कहा कि एनईपी-2020 के अनुसार, इंटर्नशिप, फील्ड वर्क तथा सामुदायिक सहभागिता स्नातक विद्यार्थियों के लिए अनिवार्य घटक हैं। महाविद्यालयों द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से विभिन्न विभागों में इन विद्यार्थियों को इंटर्नशिप के लिए तैनात किया जाएगा ताकि विद्यार्थियों को विभिन्न जिला स्तरीय कार्यालयों में एक संरचित एवं पर्यवेक्षित 120 घंटे की इंटर्नशिप प्रदान की जा सके। इस कार्यक्रम का उद्देश्य जिला कार्यालयों को प्रशासनिक सहयोग प्रदान करना, विद्यार्थियों को वास्तविक कार्य अनुभव प्रदान करना तथा विद्यार्थियों में शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली की समझ विकसित करना है। उन्होंने कहा कि राजकीय व निजी महाविद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी तैयार करें। विद्यार्थियों की रूचि अनुसार सिविल सेवा व अन्य सरकारी सेवाओं की परीक्षाओं के लिए तैयारी करवाये।