‘विकसित भारत, विकसित हरियाणा’ के लिए सामूहिक प्रयास जरूरीः डॉ. अरविंद शर्मा
कैबिनेट मंत्री ने रोहतक में फहराया राष्ट्रीय ध्वज, स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन
रोहतक, गिरीश सैनी। सहकारिता, कारागार, चुनाव, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा ने स्वतंत्रता दिवस पर देश के ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को नमन करते हुए लोगों से ‘विकसित भारत, विकसित हरियाणा’ के निर्माण में सामूहिक योगदान देने का आह्वान किया।
स्थानीय राजीव गांधी खेल परिसर में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के नेतृत्व और असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से 1947 में देश को आजादी मिली। इससे पहले उन्होंने एमडीयू स्थित राज्य युद्ध स्मारक पर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की और अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार व परेड कमांडर डीएसपी तनुज शर्मा के साथ खुली जीप में परेड का निरीक्षण किया।
डॉ. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन शुरू होने का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके मार्ग को सोनीपत से दिल्ली तक बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा कृषि, उद्योग और सेवा क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में 24 फसलों पर एमएसपी, लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 2,100 रुपये मासिक सहायता, आवास सहायता और मेरिट आधारित सरकारी भर्तियों सहित कई जनकल्याणकारी योजनाएं लागू हैं। वर्ष 2026-27 में प्रदेश की जीएसडीपी 15.18 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में उन्होंने आयुष्मान-चिरायु योजना के तहत पात्र परिवारों को पांच लाख रुपये तक के उपचार तथा सरकारी अस्पतालों में निशुल्क डायलिसिस की सुविधा का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि पिछले 12 वर्षों में सेवा के दौरान शहीद सैनिकों के करीब 425 आश्रितों को अनुकंपा आधार पर सरकारी नौकरी दी गई।
कारागार मंत्री के रूप में उन्होंने नशामुक्त युवा और स्वस्थ परिवार की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने बताया कि ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान में 28 हजार से अधिक स्थानों पर करोड़ों युवाओं ने भाग लिया।
समारोह में नौ टुकड़ियों ने मार्च-पास्ट किया। करीब 1,600 विद्यार्थियों ने लेजियम और डंबल सहित सामूहिक व्यायाम प्रदर्शन किया। आठ स्कूलों के विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता संग्राम, खेल उपलब्धियों, मल्लखंभ, योग, दुर्गा शक्ति और भारतीय संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मंत्री ने प्रतिभागी विद्यार्थियों और अन्य उपलब्धि हासिल करने वालों को सम्मानित किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
Girish Saini 

