सीएम नायब सिंह सैनी ने डी-पार्क आगजनी स्थल पर पहुंचकर किया नुकसान का अवलोकन
मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये तथा प्रभावित व्यापारियों को मुख्यमंत्री राहत कोष से तत्काल आर्थिक सहायता देने की घोषणा।
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्थानीय डी-पार्क बाजार में गत 9 जून को हुई भीषण आगजनी की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोमवार को प्रभावित बाजार का दौरा कर दुकानदारों से संवाद किया तथा दुकानों को हुए नुकसान का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने आगजनी में मृतक अमन कुमार, रोहित खुराना तथा कपिल कुमार के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 10-10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि आग से भारी नुकसान झेलने वाले प्रतिष्ठानों को भी मुख्यमंत्री राहत कोष से तत्काल सहायता दी जाएगी।
दौरे के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रेस प्रतिनिधियों से संवाद के दौरान कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एसी में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और अनेक प्रतिष्ठानों को अपनी चपेट में ले लिया। सीएम सैनी ने कहा कि इस दुखद घटना में अमन कुमार, रोहित खुराना तथा कपिल कुमार की मृत्यु हुई है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए परमपिता परमात्मा से अपने चरणों में स्थान देने की प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार भीषण आगजनी के पीड़ित परिवारों और व्यापारियों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि मानव जीवन की क्षति की भरपाई संभव नहीं है, फिर भी राज्य सरकार पीड़ित परिवारों और प्रभावित व्यापारियों की हर संभव सहायता करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा इस घटना में हुए नुकसान की पूरी भरपाई की कोशिश की जायेगी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस घटना में प्रभावित दिल्ली शूज के संचालक अमरजीत सिंह को 5 लाख रुपये, रोहतक शूज कंपनी के संचालक सतीश कुमार को 5 लाख रुपये, शूज प्लाजा से गीता रानी को 5 लाख रुपये, रीगल शूज से इंदु जुनेजा को 5 लाख रुपये, शिव जनरल स्टोर के नवनीत जुनेजा को 5 लाख रुपये, बिंदु जनरल स्टोर के संचालक देशबंधु जैन को 5 लाख रुपये, फुटलुक फुटवेयर के संचालक अशोक कुमार जैन को 5 लाख रुपये तथा कैलाश बूट हाउस के संचालक प्रियांशु कालड़ा को 5 लाख रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आनंद फ्रूट जूस की संचालिका मीना कुमारी तथा सहगल फ्रूट जूस के संचालक मुकेश को भी 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रेहड़ी एवं छोटे कारोबारियों को भी राहत प्रदान की जाएगी। अन्नपूर्णा भोजनालय (रेहड़ी रोटी परांठा) को 50 हजार रुपये, किचन ऑन व्हील्स के संचालक गौरव को 50 हजार रुपये तथा क्लॉथ खोखा एवं नारियल पानी के संचालक नीरज को 50 हजार रुपये की सहायता मुख्यमंत्री राहत कोष से प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि शहरी स्थानीय निकाय विभाग (यूएलबी) द्वारा आगजनी से हुए नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद राज्य सरकार अतिरिक्त सहायता और मुआवजे के संबंध में भी आवश्यक निर्णय लेगी, ताकि प्रभावित व्यापारियों को अधिकतम राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि यह एक पुराना बाजार है और ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए सतर्कता आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए भी आवश्यक उपाय किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने फायर ब्रिगेड विभाग, प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि आग लगने के तुरंत बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया था। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने लगभग छह से सात घंटे तक लगातार प्रयास कर आग पर काबू पाया। जब तक आग पूरी तरह नियंत्रित नहीं हुई, तब तक प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर डटी रही।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने स्थानीय डी पार्क पर गत 9 जून को हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में जान गंवाने वाले तीनों व्यक्तियों अमन, रोहित खुराना व कपिल कुमार के निवास स्थान पर पहुंचकर गहरा दुख प्रकट किया और शोक संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाया। इस दौरान पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, महंत बालक नाथ, उपायुक्त सचिन गुप्ता, पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित, अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, एएसपी आयुष यादव, एसडीएम आशीष कुमार, आरटीए सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मनजीत कुमार, नगराधीश शुभम, मुख्यमंत्री ओएसडी वीरेंद्र सिंह बडख़ालसा, ओएसडी (प्रचार) गजेंद्र फौगाट, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
Girish Saini 


