सीएम नायब सिंह सैनी ने समाधान शिविर में वर्चुअली सुनी नागरिकों की समस्याएं
डीसी सचिन गुप्ता ने अधिकारियों को लंबित शिकायतों के शाम तक निपटारे के निर्देश दिए।
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने समाधान शिविर में वर्चुअली नागरिकों की समस्याएं सुनी तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी समाधान शिविरों की लंबित शिकायतों का तुरंत निपटारा करवाये तथा समाधान शिविरों में प्राप्त हो रही शिकायतों का यथाशीघ्र उचित निपटारा करवाना सुनिश्चित किया जाये।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी वीरवार को चंडीगढ़ मुख्यालय से समाधान शिविर से जुड़े तथा विभिन्न जिलों में अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे नागरिकों से संवाद करते हुए उनकी समस्याएं जानी। इस दौरान स्थानीय स्तर पर उपायुक्त सचिन गुप्ता ने नागरिकों की समस्याएं सुनी तथा मौके पर उपस्थित उच्चाधिकारियों को इन शिकायतों के शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए। समाधान शिविर में पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित, अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, एचपीपीए के स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला, नगर निगम की संयुक्त आयुक्त नमिता सिंह, नगराधीश अंकित कुमार, पुलिस उपाधीक्षक दलीप सिंह आदि मौजूद रहे।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने समाधान शिविर में नागरिकों की शिकायत सुनने के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे समाधान शिविरों की लंबित शिकायतों का आज शाम तक निपटारा करवायें। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को हरियाणा समाधान प्रकोष्ठ द्वारा शिकायतों के निपटारे की वर्चुअली समीक्षा की जाएगी तथा स्थानीय स्तर पर भी विभागों की लंबित व रि-ओपन हुई शिकायतों की समीक्षा होगी।
उपायुक्त ने कहा कि अधिकारी नागरिकों की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए शिकायतों का निपटारा करते समय संबंधित नागरिक से संवाद जरूर करें तथा उन्हें विभाग द्वारा की जा रही कार्यवाही की जानकारी देकर संतुष्ट करें। जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों के फीडबैक के लिए कॉलिंग सेल स्थापित किया गया है ताकि नागरिकों की संतुष्टि का पता लगाकर शिकायतों का स्थायी समाधान हो सके। जिला मुख्यालय के अलावा सांपला एवं महम उपमंडलों में भी समाधान शिविर आयोजित किए गए। सांपला में एसडीएम अंकिता पंवार ने नागरिकों की शिकायतें सुनी। महम में एसडीएम विपिन कुमार ने नागरिकों की समस्याएं सुनी। समाधान शिविर में चार शिकायतें प्राप्त हुई, जिनके निपटारे के बारे में मौके पर उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
हरियाणा परिवार पहचान प्राधिकरण (पीपीपी) के स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला ने रोहतक में आयोजित समाधान शिविर में पहुंचे नागरिकों की समस्याओं को विस्तार से सुनकर संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। शिविर में नागरिकों ने आय, परिवार के सदस्यों का विवरण, पात्रता से जुड़े मुद्दों तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ प्राप्त करने में आ रही दिक्कतों को लेकर अपनी शिकायत दर्ज करवाईं। डॉ. सतीश खोला ने सभी शिकायतों की गंभीरता से समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक मामले को प्राथमिकता के आधार पर दर्ज किया जाए और मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता संजीव कुमार, कृषि उपनिदेशक डॉ. सुरेंद्र मलिक, डीईईओ दिलजीत सिंह, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. सतपाल, जिला बाल संरक्षण अधिकारी कुलदीप सिंह, एलडीएम महाबीर प्रसाद, जिला कल्याण अधिकारी रेनू सिसोदिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Girish Saini 

