सीएम नायब सिंह सैनी 30 अप्रैल को आएंगे जीजेयू में
अमृता देवी सर्कल का लोकार्पण तथा महिला छात्रावास व नर्सिंग ब्लॉक का करेंगे शिलान्यास।
हिसार, गिरीश सैनी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 30 अप्रैल को गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विविमें आएंगे। मुख्यमंत्री विवि में स्थापित खेजड़ली महाबलिदान स्मृति शिल्प एवं माता अमृता देवी सर्कल का लोकार्पण करेंगे। साथ ही विवि में बनने वाले 140 कमरों के नए महिला छात्रावास व नए नर्सिंग ब्लॉक का शिलान्यास भी करेंगे। इस संबंध में विवि प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से चंडीगढ़ में मुलाकात कर उन्हें विवि में आने का निमंत्रण दिया, जिसे मुख्यमंत्री ने सहर्ष स्वीकार कर लिया।
ध्यान रहे कि, गुरु जम्भेश्वर महाराज की अनुयायी माता अमृता देवी का पर्यावरण संरक्षण में महान योगदान है। उनके नेतृत्व में ही सन् 1730 में जोधपुर के पास खेजड़ली गांव में 363 बिश्नोईयों ने अपनी जान देकर भी खेजड़ली के पेड़ों को कटने नहीं दिया था। उन्हीं के सम्मान में खेजड़ली महाबलिदान स्मृति शिल्प एवं माता अमृता देवी सर्कल की स्थापना की गई है। 140 कमरों के नए प्रस्तावित महिला छात्रावास के लिए केंद्र सरकार से गुजवि को अनुदान मिला है। इस छात्रावास के निर्माण के बाद विवि में छात्राओं के लिए छात्रावास की समस्या का समाधान हो जाएगा। साथ ही, विवि में शुरू किए गए नए पैरामेडिकल कोर्स के लिए नए नर्सिंग ब्लॉक का निर्माण प्रस्तावित है।

Girish Saini 

