सीएम नायब सिंह सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से नीट यूजी परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की
परीक्षा शांतिपूर्वक व पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाने के निर्देश।
रोहतक, गिरीश सैनी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राष्ट्रीय टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा 3 मई 2026 को आयोजित करवाई जाने वाली नीट (यूजी) परीक्षा 2026 की तैयारियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों के साथ समीक्षा की। उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा को शांतिपूर्वक एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाना सुनिश्चित किया जाये।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि परीक्षार्थियों को परीक्षा केन्द्रों पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाये। अभिभावकों के परीक्षा केंद्र के नजदीक ठहरने व पार्किंग की व्यवस्था होनी चाहिए। यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखी जाये ताकि किसी भी परीक्षार्थी का परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में समय नष्ट न हो। पुलिस द्वारा सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किये जाये। कोई भी अधिकारी ड्यूटी में कोताही न बरतें। स्थानीय स्तर पर उपायुक्त सचिन गुप्ता ने जिला में किये गए प्रबंधों की जानकारी दी तथा सीसीटीवी कैमरे एवं जैमर समय पर लगवाने को कहा।
वीडियो कॉन्फ्रेंस के उपरांत उपायुक्त सचिन गुप्ता ने नीट परीक्षा की तैयारियों की अधिकारियों के साथ समीक्षा की तथा उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा 3 मई को दोपहर बाद 2 से सायं 5 बजे तक ऑफलाइन मोड में आयोजित करवाई जाएगी। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों पर सुबह 11 से डेढ़ बजे तक पहुंचना होगा तथा डेढ़ बजे के बाद परीक्षा केंद्रों में प्रवेश बंद कर दिया जायेगा। जिला में नीट परीक्षा के लिए 17 परीक्षा केंद्र स्थापित किये गए है, जिन पर 5307 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
उपायुक्त ने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा व जैमर समय पर लगाने, परीक्षार्थियों की सुरक्षा जांच के लिए पर्याप्त प्रबंध, परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के लिए पेयजल, शौचालय, बिजली व अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, साथ आने वाले अभिभावकों को ठहरने व वाहन पार्किंग के लिए परीक्षा केंद्रों के नजदीक पार्किंग स्थल, यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने, परीक्षा केंद्रों के आसपास साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था आदि के निर्देश दिए।
राष्ट्रीय टेस्टिंग एजेंसी के निदेशक अभिषेक सिंह ने कहा कि एनटीए द्वारा नीट परीक्षा के सभी आवश्यक प्रबंध किये गए है। बायोमेट्रिक सुविधा को दोगुना किया गया है तथा सुरक्षा जांच के लिए पुरुष व महिलाओं हेतु अलग-अलग जांच बॉक्स लगाये जायेंगे। प्रत्येक 100 परीक्षार्थियों के लिए एक सुरक्षा जाँच बॉक्स लगाया जाएगा तथा 48 परीक्षार्थियों की बायोमेट्रिक के लिए एक उपकरण लगाया जायेगा। एनटीए द्वारा 30 अप्रैल तक संबंधित परीक्षा केंद्रों तक सीसीटीवी कैमरे, जैमर, बायोमेट्रिक व सुरक्षा जांच के उपकरण पहुंचा दिये जायेंगे। उन्होंने कहा कि एजेंसी को निर्देश दिये गए है कि वे जैमर को परीक्षा के दिन दोपहर बाद 1:45 मिनट पर शुरू करें ताकि बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित, अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मनजीत कुमार एवं नमिता सिंह, डीईओ मनजीत मलिक, यूएचबीवीएन के कार्यकारी अभियंता रामेंद्र मलिक व अनिल नागर, जेएनवी के प्राचार्य एसएस शेखावत, केंद्रीय विद्यालय से राजेश कुमार व अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Girish Saini 

