सीएम नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र की बाबैन तहसील से किया राजस्व विभाग की चार पहलों का शुभारंभ

जिला स्तरीय कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा रहे मुख्य अतिथि।

सीएम नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र की बाबैन तहसील से किया राजस्व विभाग की चार पहलों का शुभारंभ

रोहतक, गिरीश सैनी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र की बाबैन तहसील से राजस्व एवं आपदा प्रबंधन की विभिन्न सेवाओं में पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से चार नई पहलों का शुभारंभ किया। इन सेवाओं में पेपरलेस रजिस्ट्री प्रणाली, पेपर लैस निशानदेही, व्हाट्सएप चैटबोट तथा राजस्व न्यायालयों की डिजिटल निगरानी सेवाएं शामिल है। अब नागरिक ऑनलाइन इन सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे, जिससे समय व धन की बचत के साथ पारदर्शिता बढ़ेगी तथा नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर काटने से छुटकारा मिलेगा।

स्थानीय स्तर पर आयोजित जिला स्तरीय समारोह में बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश के सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत एवं पर्यटक मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने शिरकत की। पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, उपायुक्त सचिन गुप्ता, डीआरओ प्रमोद चहल व अन्य संबंधित अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा और पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने लघु सचिवालय परिसर में पौधारोपण कर नागरिकों को अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया। जिला की सभी तहसीलों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों की लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई। मुख्यमंत्री ने वर्चुअली नागरिकों को अपना संदेश दिया।

कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने अपने संबोधन में मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा शुरू की गई चार पहलों से नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटने से राहत मिलेगी तथा राजस्व विभाग की इन सेवाओं में पारदर्शिता और बढेगी तथा भ्रष्टाचार पर पूरी तरह अंकुश लगेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सेवाओं के डिजिटलाइजेशन के कार्य को निरंतर आगे बढ़ाया है तथा इसी कड़ी में आज राजस्व विभाग की चार नई पहलों का शुभारंभ किया।

डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा शुरू की गई पहल के तहत अब नागरिक अपने घर से मोबाइल के माध्यम से रजिस्ट्री करवाने के लिए आवेदन कर सकेंगे तथा तहसील में केवल फोटो, हस्ताक्षर व बायोमेट्रिक के लिए ही आना होगा। नागरिक अपनी भूमि की पैमाइश के लिए भी पेपर लैस निगरानी पोर्टल पर आवेदन सकेंगे तथा उनकी भूमि की पैमाइश की रिपोर्ट भी पोर्टल पर उपलब्ध रहेगी। व्हाट्सएप चैटबोट के माध्यम से नागरिक अपनी जमीन से संबंधित सभी आंकड़े देख सकेंगे तथा वांछित रिकॉर्ड भी प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा राजस्व विभाग के न्यायालयों की डिजिटल निगरानी प्रणाली के माध्यम से भी न्यायालयों के रिकॉर्ड को देखा जा सकेगा।

पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चार सेवाओं की नई पहल का शुभारंभ कर इन सेवाओं में और पारदर्शिता बढ़ाने का कार्य किया है। पारदर्शी व्यवस्था होने से भ्रष्टाचार पर पूरी तरह अंकुश लगेगा।

राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की चार पहलों के शुभारंभ अवसर पर जिला स्तरीय समारोह के अलावा तहसील स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। महम तहसील के कार्यक्रम में भाजपा युवा नेता दीपक निवास हुड्डा, सांपला तहसील कार्यक्रम में जिला परिषद की चेयरपर्सन मंजू हुड्डा औऱ कलानौर तहसील कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश सचिव रेनू डाबला ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान संबंधित उच्चाधिकारी तथा पंचायती राज संस्थाओं के पदाधिकारी मौजूद रहे।