रोहतक में राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में सीएम नायब सिंह सैनी ने किया ध्वजारोहण
पिछले साढ़े 10 वर्षों में सरकार ने प्रदेश की जनता को भेदभाव करने वाली व्यवस्था से दिलाई आजादीः मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

रोहतक, गिरीश सैनी। 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत आज चौथी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इसे विश्व की सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनाना है। इसके लिए आत्मनिर्भर भारत को जन-आंदोलन बनाना होगा। उन्होंने स्वदेशी को अपनाने, ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल फॉर ग्लोबल’ के मंत्र पर बल दिया। मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों, निवेशकों, तकनीशियनों, वैज्ञानिकों से अपील की कि वे देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अपने-अपने कौशल का उपयोग करें।
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को स्थानीय राजीव गांधी खेल परिसर में आयोजित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह को संबोधित करते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों के लिए एक लाख रुपए की धनराशि देने की घोषणा की। साथ ही, जिला के सभी निजी व राजकीय विद्यालयों में 18 अगस्त सोमवार को अवकाश घोषित किया। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रगान की धुन के साथ ध्वजारोहण किया और प्रदेश व देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। इससे पहले मुख्यमंत्री ने एमडीयू परिसर स्थित राज्य स्तरीय शहीदी स्मारक पर वीर शहीदों को पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें नमन किया। समारोह में मुख्यमंत्री ने परेड की टुकडिय़ों का निरीक्षण किया और सलामी ली। उन्होंने युद्घ वीरागनाओं, ताम्रपत्र धारकों व स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों और आश्रितों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले जवानों को प्रणाम किया तथा सभी ज्ञात-अज्ञात शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि आजादी का पर्व जन-जन का पर्व है और हमारे लिए गर्व और गौरव का दिन है। आज हर साल की तरह हर घर तिरंगा अभियान से पूरा देश देश भक्ति के रंग में रंगा है। उन्होंने कहा कि हमारे जवानों ने 1962, 1965, 1971 के विदेशी आक्रमणों व कारगिल युद्ध के दौरान वीरता की अद्भुत मिसाल पेश की है। हमारा कर्तव्य है कि हम मातृभूमि के लिए जान देने वाले शहीदों के परिवारों व उनके आश्रितों का सहारा बनें। इस दिशा में सरकार ने स्वतंत्रता सेनानियों व उनकी विधवाओं की पेंशन बढ़ाकर 40 हजार रुपये मासिक की है। युद्ध में शहीद सैनिकों के परिवारों के लिए अनुग्रह राशि भी बढ़ाकर 1 करोड़ रुपये की है। शहीद सैनिकों के 410 आश्रितों को सरकारी नौकरियां दी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी दुनिया ने हमारी स्वदेशी तकनीक और हथियारों की ताकत देखी है। हमारी सेनाओं ने अपने पराक्रम और शौर्य से पूरी दुनिया को भारत की सामरिक शक्ति और सामर्थ्य का परिचय दिया है। यही नहीं, हमारी सेना ने ऑपरेशन महादेव चलाकर पहलगाम के गुनहगारों को उनकी करनी की सजा भी दी है। उन्होंने तीनों सेनाओं के साहस और वीरता को सेल्यूट किया।
सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार ने पिछले साढ़े 10 वर्षों में प्रदेश की जनता को भेदभाव करने वाली व्यवस्था से आजादी दिलाई है। भ्रष्टाचार पर कड़ी चोट करते हुए सभी सरकारी योजनाओं व सेवाओं का लाभ घर बैठे ही लोगों तक पहुंचाने के लिए ई-गवर्नेंस का एक नया मॉडल अपनाया है। इसके लिए सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं को परिवार पहचान-पत्र से जोड़ा गया है। हर सरकारी योजना एवं कार्यक्रम को 100 से अधिक पोर्टल व ऐप के माध्यम से पारदर्शी बनाया है। सरकार की बिना खर्ची-पर्ची के नौकरी देने, ऑनलाइन ट्रांसफर, पढ़ी-लिखी पंचायतों और अंत्योदय अभियान की आज पूरे देश में चर्चा है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने अपने तीसरे कार्यकाल में बिना खर्ची-पर्ची के 30 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं। इन्हें मिलाकर पिछले साढ़े 10 साल में 1 लाख 80 हजार नौकरियां दी जा चुकी हैं। हाल ही में कॉमन पात्रता परीक्षा (सीईटी) का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया है। सरकार ने कानून बनाकर हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत कार्यरत युवाओं के भविष्य को भी सुरक्षित किया। इसके अलावा, सरकार इस निगम के माध्यम से 5 हजार से अधिक युवाओं को विदेशों में रोजगार दिलवाने जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास व जनकल्याण के साथ-साथ प्रदेश के हर नागरिक की जान और माल की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी व्यक्ति से, कभी भी, कोई भी शिकायत प्राप्त होती है, तो उस पर पुलिस को तुरंत कार्रवाई करने के सख्त निर्देश हैं। अपराधियों के मंसूबों को ध्वस्त करने के लिए सरकार हरदम तत्पर थी, तत्पर है और तत्पर रहेगी। उन्होंने आजादी के इस उत्सव में स्पष्ट शब्दों में कहा कि हरियाणा को अपराध और अपराधियों से आजादी दिलवाकर रहेंगे जो भी व्यक्ति कानून को तोड़ेगा उसे बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान हित सरकार की नीतियों के केंद्र में है। आज किसानों की सभी फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जा रही है। अब तक 12 लाख किसानों के खातों में फसल खरीद के 1 लाख 48 हजार करोड़ रुपये भी डाले जा चुके हैं। सरकार ने अंग्रेजों के जमाने से चले आ रहे आबियाने को जड़ से खत्म किया है। कृषि भूमि पट्टा एक्ट लागू करके पट्टेदार किसानों और भूमि मालिकों के बीच विश्वास बहाल किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब परिवारों की बेटियों की शादी पर मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना के तहत 71 हजार रुपये तक शगुन दिया जाता है। गरीबों के सिर पर छत उपलब्ध करवाने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1 लाख 47 हजार मकान दिये गये हैं। साथ ही गरीब परिवारों के लिए मुख्यमंत्री आवास योजना भी शुरू की है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन बढ़ाकर 3 हजार रुपये मासिक की है। दिव्यांग पेंशन का लाभ 10 अन्य श्रेणियों को भी दिया है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत-चिरायु योजना में लगभग 22 लाख लोगों का इलाज मुफ्त करवाया है। किडनी के रोग से पीड़ित रोगियों के लिए सभी सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में मुफ्त डायलिसिस की सेवाएं शुरू की हैं।
खेलों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह गर्व की बात है कि हमारे खिलाडिय़ों ने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंच पर अनेक पदक जीते। इन उपलब्धियों का श्रेय खिलाडिय़ों की मेहनत के साथ-साथ हमारी खेल नीति को भी जाता है। सरकार खेलों के लिए अति आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित कर रही है। प्रधानमंत्री के 'फिट इंडिया-हिट इंडिया' विजन को साकार करने के लिए हर गांव में जिम खोल रहे हैं। अब तक 19 जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में 50 करोड़ रुपये की लागत से 250 इंडोर जिम खोले गये हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को सशक्त करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पानीपत से बीमा सखी योजना का शुभारंभ किया है। राज्य सरकार ने भी उनकी प्रेरणा से लाडो सखी योजना शुरू की है। उन्होंने कहा कि राज्य में 5 लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा है। अब तक 2 लाख 13 हजार महिलाओं को लखपति दीदी बनाया जा चुका है। ड्रोन दीदी योजना में 100 महिलाओं को मुफ्त ड्रोन व प्रशिक्षण दिया जा चुका है। महिलाओं की आजीविका के अवसर बढ़ाने के लिए एक-तिहाई राशन डिपो महिलाओं को देने का प्रावधान किया गया है। अटल किसान मजदूर कैंटीन व वीटा बिक्री केन्द्रों का संचालन भी महिलाओं को सौंपा गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने संकल्प किया था कि महिलाओं को अतिरिक्त प्रोत्साहन देकर स्टार्टअप्स में भागीदारी 45 से 60 प्रतिशत बढ़ाई जाएगी। हरियाणा में महिलाओं के नेतृत्व वाले स्टार्टअप 50 प्रतिशत हो गए हैं। प्रदेशभर में महिला सांस्कृतिक केंद्र खोले जा रहे हैं। गांवों के विकास में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए उन्हें पंचायती राज संस्थाओं में 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व दिया है। बेटियों को उच्च शिक्षा देने के लिए प्रदेश में खोले गये 80 कॉलेजों में से 30 लड़कियों के हैं। आज पोस्ट ग्रेजुएशन तक लड़कियों को मुफ्त शिक्षा दी जा रही है।
सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि उद्योग अर्थव्यवस्था का मूल आधार हैं। औद्योगिक विकास को गति देने के लिए ईज ऑफ डूइंग बिजनेस का एक इको-सिस्टम तैयार किया है। सरकार ने प्रमाण पत्र, लाइसेंस और अनुमति देने में अड़चन पैदा करने वाले अनेक नियमों और प्रक्रियाओं को खत्म कर दिया है। आज हरियाणा में निवेशकों को 150 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन प्रदान की जा रही हैं और उन्हें सभी स्वीकृतियां 12 दिनों में देना सुनिश्चित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में इन्फ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विकास हुआ है। हर जिले को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने के लिए 21 नए राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किये गये हैं, जिनमें से 13 का कार्य पूरा हो चुका है। महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे से हवाई सेवाएं शुरू की हैं। उन्होंने कहा कि इस पावन पर्व पर प्रदेशवासी अपनी महान सांस्कृतिक परम्पराओं और उच्च नैतिक मूल्यों पर चलते हुए विकसित भारत-विकसित हरियाणा बनाने के लिए कठोर परिश्रम करने का संकल्प लें।
इस अवसर पर स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत किये गए। सांस्कृतिक की अंतिम प्रस्तुति के रूप में हरियाणवीं नृत्य के लिए जैसे राजकीय विद्यालयों की 228 छात्राएं मैदान में पहुंची तभी हल्की बारिश शुरू हुई और इन छात्राओं ने बारिश के दौरान ही प्रदेश की प्राचीन समृद्घ संस्कृति व हरियाणा की पहचान पर आधारित शानदार नृत्य की प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सभी सांस्कृतिक टीमों, परेड टुकडिय़ों व हरियाणा पुलिस की सशस्त्र टुकड़ी के बीच जाकर फोटो खिंचवाकर उनका हौसला बढाया। मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले कलाकारों को भी सम्मानित किया और उन्होंने स्टेडियम परिसर में पौधारोपण भी किया।
मुख्यमंत्री के ओएसडी प्रचार गजेंद्र फोगाट ने मंच संचालन किया। परेड में शामिल एएसआई रजनीश के नेतृत्व में हरियाणा पुलिस मधुबन अकादमी पुरुष की चौथी प्लाटून को प्रथम, पीएसआई ज्योति के नेतृत्व में हरियाणा पुलिस महिला की प्रथम प्लाटून को द्वितीय तथा पीएसआई सत्यदेव के नेतृत्व में हरियाणा पुलिस पुरुष की पांचवी प्लाटून को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सभी टीमों को मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया।
हरियाणा पुलिस मधुबन अकादमी की महिला प्लाटून द्वारा भव्य हथियार ड्रिल का प्रदर्शन करते हुए भव्य फोर्मेशन बनाई। इसके बाद यूएसी / स्वैट की टीम ने मार्शल आर्ट्स का बखूबी प्रदर्शन किया। हरियाणा पुलिस के जवानों ने विभिन्न योगासनों का भव्य प्रदर्शन कर दर्शकों की वाहवाही लूटी। हरियाणा पुलिस मधुबन अकादमी की 410 महिला रंगरूटों ने सामूहिक शारीरिक अभ्यास में समन्वय के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन किया तथा अंत में इस टुकड़ी द्वारा अशोक चक्र सहित भारतीय मानचित्र की फोर्मेशन भी मैदान में बनाई।
गुरुकुल लाढ़ौत के 77 विद्यार्थियों ने संगीत की धुन पर भव्य मलखम्भ व सामूहिक योगासन का प्रदर्शन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में ऑपरेशन सिंदूर की प्रस्तुति के दौरान पहलगाम आतंकी हमला से लेकर ऑपरेशन सिंदूर का सजीव चित्रण किया। स्वच्छता के साथ-साथ नशा मुक्त भारत अभियान का संदेश दिया। वाद्य यंत्रों के साथ प्रस्तुत किए गए राष्ट्रगान से समारोह संपन्न हुआ।
इस दौरान पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, मुख्यमंत्री के ओएसडी प्रचार गजेंद्र फोगाट, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, मीडिया सहप्रभारी शमशेर खरक, मेयर रामअवतार वाल्मीकि, सीआईडी चीफ एडीजीपी सौरभ सिंह, एडीजीपी कानून व्यवस्था संजय सिंह, पुलिस महानिरीक्षक वाई पूर्ण कुमार, उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह, नगर निगम आयुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा, पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारणिया, सीएम सुरक्षा एसपी रविंद्र तोमर, अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, एएसपी वाई वी आर शशि शेखर, परेड कमांडर एएसपी फैसल खान, जिला परिषद के सीईओ प्रदीप कौशिक, एसडीएम आशीष कुमार, नगर निगम संयुक्त आयुक्त मनजीत कुमार, रोहतक सहकारी चीनी मिल की एमडी श्वेता सुहाग, नगराधीश अंकित कुमार, परिवहन महाप्रबंधक विपिन कुमार, जिला राजस्व अधिकारी प्रमोद चहल सहित अन्य संबंधित विभागों के उच्च अधिकारी मौजूद रहे।