बजट में कलाकारों को तोहफा दिया सीएम नायब सिंह सैनी ने
सुपवा में कला एवं संस्कृति विभाग के सहयोग से हर साल होगा हरियाणा फिल्म फेस्टिवल।
रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा), रोहतक में अब हर साल हरियाणा फिल्म फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस आशय की घोषणा प्रदेश के बजट में की है। बजट में किए गए प्रावधान के अनुसार प्रदेश का कला एवं संस्कृति विभाग फिल्म फेस्टिवल के आयोजन में सहयोग करेगा। सीएम नायब सिंह सैनी द्वारा बतौर वित्त मंत्री साल 2026-27 के लिए विधानसभा में पेश बजट में पेज नंबर 71 पर प्वाइंट नंबर 131 के तहत फिल्म फेस्टिवल के आयोजन की घोषणा की गई है। इसमें कहा गया है कि सुपवा, रोहतक के सहयोग से प्रतिवर्ष हरियाणा फिल्म फेस्टिवल आयोजित किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि फिल्म फेस्टिवल के आयोजन का प्रावधान प्रदेश में पहली बार किया गया है। इससे पहले आज तक सरकारी स्तर पर किसी भी तरह का फिल्म फेस्टिवल हरियाणा में आयोजित नहीं किया गया है। बजट में इस प्रावधान से स्पष्ट है कि राज्य सरकार प्रदेश की कला व संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की हर संभव कोशिश कर रही है।
डीएलसी सुपवा के कुलपति डॉ अमित आर्य ने बताया कि ये निर्णय क्षेत्रीय सिनेमा, स्वतंत्र फिल्म निर्माताओं, छात्र रचनाकारों एवं डॉक्यूमेंट्री निर्माताओं को एक नया मंच प्रदान करेगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने इस प्रावधान की घोषणा कला एवं संस्कृति की मद में की है। वर्तमान में हरियाणा के कलाकारों, गीत-संगीत, एल्बम आदि का देश भर में डंका बज रहा है। कितने ही प्रतिभाशाली फनकारों को बॉलीवुड फिल्मों में मौके मिल चुके हैं।
कुलपति ने कहा कि डीएलसी सुपवा अपनी तरह का देश का पहला विवि है, जिसमें एक्टिंग, डायरेक्शन, सिनेमेटोग्राफी, एडिटिंग, ऑडियोग्रॉफी में विभिन्न डिग्री कोर्स कराए जा रहे हैं। पढ़ाई पूरी करने के बाद यहां के छात्र देश-विदेश की फिल्म इंडस्ट्री में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। उन द्वारा तैयार शॉर्ट फिल्में व डॉक्यूमेंट्री देश-दुनिया के फिल्म फेस्टिवल में प्रदर्शित हो रही हैं, साथ ही अनेक अवार्ड भी जीत रही हैं।
कुलपति डॉ अमित आर्य ने कहा कि बजट में हरियाणा फिल्म फेस्टिवल सुपवा में करने की घोषणा प्रदेश सरकार का अत्यंत सराहनीय कदम है, जिससे न सिर्फ प्रदेश की कला एवं संस्कृति को सहेजा जा सकेगा, बल्कि सुपवा के छात्रों को अलग तरह का एक्सपोजर भी मिलेगा।

Girish Saini 

