सीएम नायब सैनी ने किया दंत, ईएनटी एवं त्वचा चिकित्सा के लिए मोबाइल मेडिकल बस का अनावरण
आमजन को घर के निकट उपलब्ध होगी निःशुल्क चिकित्सा सुविधा।
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दंत, नाक-कान-गला (ईएनटी) एवं त्वचा चिकित्सा सेवाओं के लिए एक अत्याधुनिक मोबाइल मेडिकल बस का अनावरण किया। ये विशेष चिकित्सा बस समाजसेवी राजेश जैन द्वारा समाज को समर्पित की गई है।
राजेश जैन ने बताया कि पूर्णतः वातानुकूलित तथा आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस बस में दंत चिकित्सा के लिए दो डेंटल चेयर्स, पोर्टेबल एक्स-रे मशीन सहित सभी आवश्यक उपकरण उपलब्ध हैं। साथ ही, ईएनटी एवं त्वचा रोगों की जांच एवं उपचार के लिए उन्नत चिकित्सा उपकरण भी लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस मोबाइल बस के माध्यम से रोहतक एवं आसपास के क्षेत्रों में सरकारी एवं निजी अस्पतालों तथा सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित कर आमजन को उनके घर के निकट ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। ।
ग़ौरतलब है कि इससे पूर्व भी राजेश जैन द्वारा तीन अन्य मोबाइल मेडिकल बसें समाज को समर्पित की जा चुकी हैं। इनमें रक्तदान शिविरों के लिए बस, नेत्र व सामान्य रोगों की जांच के लिए बस तथा स्तन कैंसर स्क्रीनिंग के लिए मैमोग्राफी बस शामिल हैं। इनके माध्यम से निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।
अत्याधुनिक मोबाइल मेडिकल बस के अनावरण के दौरान कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, हरियाणा भाजपा कोषाध्यक्ष अजय बंसल, पीजीआईडीएस से डॉ. मनु राठी, डॉ. मंजुनाथ, डॉ. हरनीत सिंह, डॉ. दीपांशी, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. संपदा मुंजाल, डॉ. हर्षदीप सहित राजीव जैन, सन्नी निझावन, शीतल एवं अन्य गणमान्य जन मौजूद रहे।

Girish Saini 

