सीएम नायब सिंह सैनी ने शहीद लोकेंद्र सिंह सिंधु को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की

रोहतक, गिरीश सैनी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि शहीद स्क्वार्डन लीडर लोकेंद्र सिंह सिंधु सदैव हमारी यादों में रहेंगे। मुख्यमंत्री रविवार को देव कॉलोनी स्थित स्क्वार्डन लीडर शहीद लोकेंद्र सिंह सिंधु के घर पहुंचे और उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। सीएम ने शहीद के परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की और उनका ढांढस बंधाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकेंद्र सिंह सिंधु सेना के जांबाज अधिकारी थे। सेना में रहकर वे लगातार देश की सेवा के अपने कर्तव्य का निर्वहन कर रहे थे। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत लोकेंद्र सिंह सिंधु की आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी वरिष्ठ अधिवक्ता हरबंस लाल मलिक के घर भी गए। पिछले दिनों बीमारी के चलते हरबंस लाल मलिक का निधन हो गया था। उन्होंने दिवंगत मलिक के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की।
इस दौरान हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, पूर्व सांसद जनरल डीपी वत्स, पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, पूर्व मेयर मनमोहन गोयल, मुख्यमंत्री के ओएसडी गजेंद्र फोगाट, ओएसडीए वीरेंद्र बडख़ालसा सहित पार्टी के पदाधिकारी, उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह, जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारणिया, रोहतक के एसडीएम आशीष कुमार व जिला सैनिक बोर्ड की सचिव गौरिका सुहाग सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।