सीएम नायब सिंह सैनी ने की गौड़ ब्राह्मण विद्या प्रचारिणी सभा को मैचिंग ग्रांट देने की घोषणा

प्रदेश में किसी एक बड़े पार्क का नाम भगवान परशुराम के नाम पर रखा जाएगा।

सीएम नायब सिंह सैनी ने की गौड़ ब्राह्मण विद्या प्रचारिणी सभा को मैचिंग ग्रांट देने की घोषणा

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गांव पहरावर में गौड़ ब्राह्मण विद्या प्रचारिणी सभा को कैंपस-3 के शिक्षण संस्थानों के निर्माण कार्यों के लिए प्रदेश सरकार की ओर से मैचिंग ग्रांट देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जितना पैसा समाज इन संस्थानों के लिए एकत्रित करेगा, उससे ज्यादा की राशि हरियाणा सरकार द्वारा मैचिंग ग्रांट के रूप में प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त, प्रदेश में किसी एक बड़े पार्क का नाम भगवान परशुराम के नाम पर रखा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने ये घोषणाएं शुक्रवार को गांव पहरावर में भगवान परशुराम की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह के दौरान की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने समाज की संस्था को 51 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि समाज द्वारा रखी गई अन्य मांगों को भी विभागों को भेजकर उनकी फिजिबिलिटी चेक करवाकर प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का काम किया जाएगा।

इससे पहले, मुख्यमंत्री ने 61 करोड़ 23 लाख रुपये लागत की कुल 9 परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 54 करोड़ 26 लाख रुपये लागत की 5 परियोजनाओं का शिलान्यास तथा 6 करोड़ 97 लाख रुपये लागत की 4 परियोजनाओं का उद्घाटन शामिल है। मुख्यमंत्री ने गौड़ ब्राह्मण विद्या प्रचारिणी सभा के पांच विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया, जिनमें भगवान परशुराम पब्लिक स्कूल, भगवान परशुराम कानून संस्थान, गौड़ ब्राह्मण विद्या प्रचारिणी सभा का कैंपस नंबर 3, भगवान परशुराम की प्रतिमा तथा भगवान परशुराम महिला नर्सिंग कॉलेज शामिल है।

सीएम नायब सिंह सैनी ने भगवान परशुराम जयंती, पंचम सिख गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस और अरूट महाराज की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि सभी महापुरुषों ने धर्म की स्थापना, सामाजिक एकता, सद्भाव और संस्कृति के लिए अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित किया। इनकी जीवन यात्रा हम सभी को सदा धर्म पथ पर चलने और मानवता की सेवा के लिए प्रेरित करती रहेंगी।

भगवान परशुराम को पराक्रमी योद्धा, वेदों के ज्ञाता और एक महान समाज सुधारक बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे ऐसे महान योद्धा थे, जिन्होंने ब्राह्मण होते हुए भी शस्त्र धारण कर अन्याय और अधर्म का नाश किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा की भूमि वीरता, विद्या और परंपरा की जननी रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जब हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत - विकसित हरियाणा बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं तो भगवान परशुराम के आदर्श और उनके संदेश हमें सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।

सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि भगवान परशुराम ने किसी निजी स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि समाज हित में, धर्म की रक्षा के लिए, अन्याय का नाश किया। इसी प्रेरणा के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सेनाओं ने पहलगाम की निंदनीय घटना के बाद ऑपरेशन सिंदूर के तहत टारगेट तरीके से किसी आम व्यक्ति को नुकसान न पहुंचाते हुए पाकिस्तान में जहां आतंकवाद पनपता था, उन ठिकानों को मिट्टी में मिलाने का काम किया है। प्रधानमंत्री का स्पष्ट संदेश है कि कोई हमें छेड़ेगा, तो हम उसको नहीं छोड़ेंगे।

प्रदेश सरकार द्वारा ब्राह्मण समाज के कल्याण एवं उत्थान के लिए किए जा रहे विभिन्न कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान परशुराम की शिक्षाओं और आदर्शों से नई पीढिय़ों को प्रेरित करने के लिए कैथल में मेडिकल कॉलेज का नाम भगवान परशुराम के नाम पर रखा है। इसके अलावा, सरकार ने भगवान परशुराम के जन्मोत्सव पर राजपत्रित अवकाश का प्रावधान किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पहरावर गांव में 2013 से चले आ रहे गौड़ ब्राह्मण कॉलेज की जमीन के विवाद को भी सुलझाया है। गौड़ ब्राह्मण आयुर्वेदिक कॉलेज में बीएमएस की 100 सीटों को भी मंजूरी दी और इसकी कक्षाएं भी शुरू हो गई। भगवान परशुराम के नाम पर सरकार ने डाक टिकट भी जारी किया है। इसके अलावा, करनाल में ब्राह्मण धर्मशाला के लिए जमीन आवंटित की है।

सहकारिता और विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कार्यक्रम में पहुंचने पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री किसानों, मजदूरों, गरीबों के हितैषी और 36 बिरादरी के नेता हैं। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण सभी समाज के लिए होते हैं, इसलिए आज के इस कार्यक्रम में सर्व समाज के लोगों की भागीदारी हुई है। उन्होंने कहा कि इस परिसर में भगवान परशुराम की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसके अलावा, उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष समाज की अन्य मांगों को भी रखा।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पं. मोहन लाल कौशिक ने भगवान परशुराम को नमन करते हुए कहा कि वे न केवल एक महान योद्धा थे, बल्कि सनातन धर्म और संस्कृति के रक्षक भी थे। उन्होंने अन्याय और अधर्म के खिलाफ आवाज उठाई और समाज में समानता व न्याय की स्थापना की। उन्होंने कहा कि यहां पर बनने वाले शिक्षण संस्थान में 36 बिरादरी के बच्चों को शिक्षा का लाभ मिलेगा।

इस राज्य स्तरीय समारोह में मुख्य अतिथि व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, कार्यक्रम के अध्यक्ष व भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष पं. मोहन लाल कौशिक तथा अन्य अतिथियों का गौड़ ब्राह्मण विद्या प्रचारिणी सभा तथा प्रदेश के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा द्वारा नागरिक अभिनंदन किया गया। पहरावर के गणमान्य व्यक्तियों ने मुख्यमंत्री को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री का महामाला से भी स्वागत किया गया। गौड़ विद्या प्रचारिणी सभा की ओर से प्रशासक आशीष वशिष्ठ ने सभी अतिथिगण का स्मृतिचिन्ह व शॉल भेंट कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने मैराथन दौड़ का विश्व रिकॉर्ड बनाने वाली प्रदेश की 15 वर्षीय छात्रा सानिया, एथलीट हिमांशी को शॉल भेंट कर सम्मानित किया।

मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने भगवान परशुराम जयंती के राज्य स्तरीय समारोह को सामाजिक समरसता का संगम बताते हुए कहा कि भगवान परशुराम ने सनातन परंपरा को मजबूत करने का कार्य किया है। हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि भगवान परशुराम ने अन्याय व अधर्म के विरुद्ध संघर्ष करते हुए समाज को नई दिशा दिखाई। प्रदेश के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने भगवान परशुराम जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संत महात्मा सर्व समाज के लिए होते है। प्रदेश के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि सरकार द्वारा युवाओं व खिलाडिय़ों को हर संभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा 36 बिरादरी के कल्याण के लिए कार्य किए जा रहे है। राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने कहा कि भगवान परशुराम ने शस्त्र व शास्त्र के माध्यम से समाज में फैली कुरीतियों को दूर करने का कार्य किया है। पूर्व मंत्री व भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष रामबिलास शर्मा ने भगवान परशुराम जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान परशुराम ने 21 बार पृथ्वी से आतंकियों का सफाया किया। उन्होंने कहा कि परशुराम का फरसा आधुनिक युग के परमाणु बम के समान था। दिल्ली से लोकसभा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि भगवान परशुराम के जीवन से प्रेरणा लेकर 36 बिरादरी के कल्याण के लिए कार्य करने का संकल्प लें।

इस दौरान भाजपा के संगठन महामंत्री फणींद्र नाथ शर्मा, संगठन मंत्री सुरेंद्र पुनिया, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, उत्तर प्रदेश से सांसद सतीश गौतम, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा की धर्मपत्नी डॉ. रीटा शर्मा, पूर्व सांसद जनरल डीपी वत्स, विधायक पवन खरखोदा, देवेंद्र अत्री, रणधीर पनिहार, घनश्याम सराफ, मुकेश शर्मा, पं. सुनील भराला, पूर्व विधायक टेकचंद एवं लतिका शर्मा, महंत बाबा कपिल पुरी, रोहतक के मेयर राम अवतार वाल्मीकि, पूर्व मेयर मनमोहन गोयल, प्रदेश मीडिया सहप्रभारी शमशेर खरक सहित भाजपा के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी व जिला प्रशासन के उच्चाधिकारी व गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।