मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने किया हरियाणवी अभिनेत्री अंजवी को सम्मानित

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने किया हरियाणवी अभिनेत्री अंजवी को सम्मानित

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा सरकार की ओर से कला व संस्कृति के क्षेत्र में योगदान के लिए रोहतक की छोरी, हरियाणवी अभिनेत्री और कवयित्री अंजवी हुड्डा दहिया को पानीपत में आयोजित तीज महोत्सव में सम्मानित किया गया। हरियाणा सरकार द्वारा पूरे प्रदेश से अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 120 महिलाओं को सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अंजवी को हरियाणवी कला और संस्कृति के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सम्मानित किया। उल्लेखनीय है कि अंजवी अभी हाल ही में फिलीपींस में हरियाणवी संस्कृति से जुड़े गाने की शूटिंग कर लौटी हैं।

अंजवी ने बताया कि विदेश में शूटिंग के दौरान वहां के निवासियों को हमारी हरियाणवी वेशभूषा बहुत अच्छी लगी। उन्होंने बताया कि जल्द ही वह अपने नये प्रोजेक्ट की शूटिंग के लिये दोबारा विदेश जाएंगी। प्रदेश सरकार द्वारा सम्मानित किए जाने पर मुख्यमंत्री व हरियाणा सरकार के कला व संस्कृति विभाग का आभार जताते हुए अंजवी ने कहा कि ऐसे सम्मान भविष्य में और अधिक अच्छा काम करने की प्रेरणा देते हैं।