स्वच्छता से स्वागत अभियान के तहत वार्ड -1, 2 व 5 में चलाया सफाई अभियान

सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया।

स्वच्छता से स्वागत अभियान के तहत वार्ड -1, 2 व 5 में चलाया सफाई अभियान

रोहतक, गिरीश सैनी। शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं कूड़ा बिंदु मुक्त बनाने के उद्देश्य से स्वच्छता से स्वागत विशेष सफाई अभियान के तहत नगर निगम, रोहतक द्वारा शहर के सभी चिन्हित कूड़ा बिंदुओं को चरणबद्ध तरीके से समाप्त किया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को वार्ड नं. 1, 2 व 5 में सफाई अभियान चलाकर वर्षों से कूड़ा डाले जाने वाले चिन्हित स्थानों की गहन सफाई कर वहां से कूड़े का उठान कराया गया। कूड़ा हटाने के उपरांत संबंधित स्थलों पर झाड़ू लगाकर सफाई की गई। इस दौरान मेयर राम अवतार सहित निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों ने क्षेत्र के दुकानदारों व नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

निगमायुक्त सत्येन्द्र दुहन ने कहा कि निगम का उद्देश्य केवल कूड़ा उठाना नहीं, बल्कि शहर में वर्षों से बने कूड़ा बिंदुओं का भी स्थायी समाधान करना है। इसके लिए प्रत्येक चिन्हित स्थान पर नियमित निगरानी की जा रही है ताकि इन स्थानों पर दोबारा कूड़ा एकत्रित न हो। उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है।

निगमायुक्त ने बताया कि निगम की विशेष टीम लगातार शहर में जागरूकता अभियान चलाकर नागरिकों को गीला व सूखा कूड़ा अलग-अलग एकत्रित करने और सिर्फ निगम की कूड़ा उठाने वाली गाड़ी में ही डालने बारे जागरूक कर रही है। निगम की टीम ने छोटूराम चौक स्थित मेडिसिन मार्किट में सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करते हुए इसका उपयोग करने से बचने की अपील की।