स्वामित्व योजना के नक्शों पर 90 दिन तक दर्ज करा सकेंगे दावे-आपत्तियाः डीसी सतबीर सिंह

18 नवंबर को लॉन्च होगा ऑनलाइन पोर्टल, 17 नवंबर को राजस्व अधिकारियों को दिया जाएगा प्रशिक्षण

स्वामित्व योजना के नक्शों पर 90 दिन तक दर्ज करा सकेंगे दावे-आपत्तियाः डीसी सतबीर सिंह

रोहतक, गिरीश सैनी। स्वामित्व योजना के तहत गांवों के लाल डोरे के नक्शों पर दावे एवं आपत्तियां दर्ज करवाने के लिए लोगों को 90 दिन का अवसर मिलेगा। उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार 18 नवंबर को इसके लिए ऑनलाइन पोर्टल लॉन्च करेगी। इससे पहले 17 नवंबर को राजस्व विभाग के अधिकारियों को पोर्टल संचालन का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

उपायुक्त ने बताया कि गांवों के नक्शे ग्राम सभा क्षेत्र में दोबारा 90 दिनों तक उपलब्ध रहेंगे। संबंधित व्यक्ति नक्शों का अवलोकन कर पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन दावे एवं आपत्तियां दर्ज करवा सकेंगे। प्राप्त आपत्तियों का ग्राम स्तर पर गठित कमेटी सत्यापन करेगी। इसके बाद तहसीलदार या नायब तहसीलदार नियमानुसार उनका निपटारा करेंगे।

उन्होंने बताया कि जिले के 119 गांवों में योजना के तहत 1,48,996 प्रॉपर्टी कार्ड तैयार कर वितरित किए जा चुके हैं। उपायुक्त ने अधिकारियों को एसओपी के अनुसार कार्य करने तथा पंचायतों में मुनादी और सार्वजनिक स्थलों पर पंपलेट लगाकर लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए।