सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान ने लाहली गांव से किया जल संरक्षण जागरूकता अभियान का शुभारंभ
रोहतक, गिरीश सैनी। जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय तेवतिया के मार्गदर्शन तथा प्राधिकरण की सचिव एवं सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान के निर्देशानुसार विश्व जल दिवस के उपलक्ष में एक सप्ताह के जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ लाहली गांव से किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को जल के महत्व के प्रति जागरूक करना तथा दूषित पानी के उपयोग से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी देना है।
सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि जल हमारे जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है और इसके बिना जीवन की कल्पना भी संभव नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जल का सदुपयोग करें तथा अनावश्यक रूप से पानी की बर्बादी से बचें। साथ ही उन्होंने स्वच्छ और सुरक्षित जल के उपयोग पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि ये जागरूकता अभियान लाहली गांव से शुरू होकर गांव मकड़ौली खुर्द में संपन्न होगा। इस दौरान पीडब्ल्यूडी विभाग के कर्मचारी तथा एमडीडी ऑफ इंडिया एनजीओ के सदस्य भी अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेंगे।
सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता मार्च को रवाना किया। प्रतिभागियों ने गांव में रैली निकालकर जल संरक्षण से संबंधित नारे लगाते हुए लोगों को पानी बचाने और स्वच्छ जल के उपयोग के लिए प्रेरित किया। इस दौरान पैनल अधिवक्ता संदीप कुमार, अधिकार मित्र मनोज, अमरजीत कौर तथा गांव के सरपंच सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

Girish Saini 

