सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान ने किया जन सेवा संस्थान का निरीक्षण
रोहतक, गिरीश सैनी। जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय तेवतिया के मार्गदर्शन में प्राधिकरण की सचिव एवं सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान ने हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित आउटरीच एंड अवेयरनेस एक्टिविटी फॉर स्पेशलाइज्ड लीगल सर्विस यूनिट फॉर चिल्ड्रन एंड इफेक्टिव इम्प्लीमेंटेशन ऑफ चाइल्ड राइट्स अवेयरनेस प्रोग्राम के तहत स्थानीय जन सेवा संस्थान का निरीक्षण किया।
इस दौरान सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान ने संस्थान में रह रहे बच्चों से संवाद कर उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से उनके नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक दस्तावेजों की पूर्णता आदि की जानकारी भी प्राप्त की। इस दौरान जिला बाल संरक्षण इकाई एवं बाल श्रम समिति के संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।
सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान ने संस्थान के विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, बाल संरक्षण कानूनों एवं विधिक सहायता से संबंधित जानकारी देते हुए कहा कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की कानूनी, सामाजिक अथवा व्यक्तिगत समस्या का सामना करना पड़े तो वे निसंकोच डीएलएसए के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। साथ ही, विधिक सहायता एवं परामर्श के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन 15100 पर भी संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन और आवश्यकता पड़ने पर उसका उपयोग करने की जानकारी भी दी।
हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा चलाए जा रहे पौधारोपण अभियान के अंतर्गत सीजेएम ने संस्थान परिसर में पौधारोपण भी किया और स्टाफ एवं बच्चों को अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सभी से अपने आसपास पौधारोपण एवं लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान भी किया।
Girish Saini 


