सीजेएम ने किया अर्पण संस्थान व लखी राम अनाथालय का निरीक्षण
रोहतक, गिरीश सैनी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान ने अर्पण संस्थान, लखीराम अनाथालय एवं बाल भवन का निरीक्षण कर वहां उपस्थित बच्चों एवं स्टाफ सदस्यों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं व सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान ने अनाथालय व बाल भवन में संबंधित विभागों द्वारा प्रदान की जा रही सेवाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन, साफ-सफाई एवं रहन-सहन की व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा कर्मचारियों से बातचीत की। उन्होंने बच्चों से संवाद कर ये भी जाना कि उन्हें सभी आवश्यक सुविधाएं पूर्ण रूप से मिल रही हैं या नहीं।
सीजेएम ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा समय-समय पर बाल विवाह, बाल श्रम सहित अन्य सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। यदि उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या हो या किसी तरह की कानूनी सहायता की आवश्यकता हो, तो वे निसंकोच प्राधिकरण के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सहायता प्राप्त करने के लिए नागरिक 01262-257408 तथा नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 पर संपर्क कर सकते हैं। इस दौरान संस्थान के अधिकारी, कर्मचारी एवं बच्चे उपस्थित रहे।

Girish Saini 

