सीजेएम ने महिला आश्रम का किया औचक निरीक्षण, महिलाओं का हालचाल जाना

सीजेएम ने महिला आश्रम का किया औचक निरीक्षण, महिलाओं का हालचाल जाना

रोहतक, गिरीश सैनी। जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय तेवतिया के मार्गदर्शन में प्राधिकरण की सचिव व सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान ने वीरवार को महिला आश्रम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आश्रम में रह रही महिलाओं से मुलाकात कर उन्हें उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की तथा उनके स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यकताओं के बारे में भी विस्तार से चर्चा की।

इस दौरान सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान ने महिला आश्रम में कार्यरत स्टाफ सदस्यों से भी मुलाकात की और आश्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने महिलाओं के रहने, खानपान, स्वास्थ्य देखभाल एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त करते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा चलाए जा रहे पौधारोपण अभियान के तहत डॉ. तरन्नुम खान ने महिला आश्रम परिसर में एक पौधा रोपित किया। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।

सीजेएम ने कहा कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार 21, 22 व 23 अगस्त 2026 को समाधान समारोह के रूप में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए सभी जिलों को चिन्हित मामलों के निस्तारण का लक्ष्य दिया गया है। उक्त प्रक्रिया के माध्यम से नागरिक अपने लंबित मामलों का प्री-कॉन्सिलिएशन बैठक के जरिए आपसी सहमति से सौहार्दपूर्ण समाधान करवा सकते हैं। उन्होंने आमजन का आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में डीएलएसए के कार्यालय से संपर्क कर अपने मामलों की जानकारी प्राप्त करें तथा राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाएं।