सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान ने किया अनाथालय, बाल भवन व सेफ हाउस का औचक निरीक्षण

सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान ने किया अनाथालय, बाल भवन व सेफ हाउस का औचक निरीक्षण

रोहतक, गिरीश सैनी। जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय तेवतिया के मार्गदर्शन में प्राधिकरण की सचिव एवं सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान ने लखी राम अनाथालय का औचक निरीक्षण कर वहां रह रहे बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की तथा संस्थान के स्टाफ सदस्यों से भी बातचीत कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान ने बच्चों के रहने, भोजन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि बच्चों को सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।

उन्होंने कहा कि हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार प्रदेश के सभी जिलों में पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना तथा प्रदूषण मुक्त वातावरण का निर्माण करना है। सीजेएम ने लखी राम अनाथालय परिसर में पौधारोपण भी किया तथा उपस्थित बच्चों एवं स्टाफ सदस्यों को भी अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। पौधारोपण से न केवल पर्यावरण संतुलन बना रहता है, बल्कि आने वाली पीढिय़ों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण भी उपलब्ध होता है। इसके बाद उन्होंने बाल भवन तथा सेफ हाउस का भी औचक निरीक्षण कर वहां उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था तथा बच्चों एवं लाभार्थियों के लिए किए गए प्रबंधों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।