सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान ने नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवन अपनाने का आह्वान किया
स्टेट ड्रग डिपेंडेंस ट्रीटमेंट सेंटर का दौरा किया।
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न जनकल्याणकारी अभियानों के तहत जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय तेवतिया के मार्गदर्शन में डीएलएसए की सचिव एवं सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान ने पीजीआईएमएस, रोहतक स्थित स्टेट ड्रग डिपेंडेंस ट्रीटमेंट सेंटर का दौरा किया।
इस दौरान सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान ने केंद्र में उपचाराधीन मरीजों एवं स्टाफ सदस्यों से मुलाकात की तथा मरीजों के स्वास्थ्य एवं उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मरीजों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करते हुए कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है बल्कि उसके परिवार और समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव डालता है। उन्होंने कहा कि नशा एक गंभीर सामाजिक बुराई है और इससे दूर रहकर ही स्वस्थ एवं सम्मानजनक जीवन व्यतीत किया जा सकता है।
सीजेएम ने उपस्थित मरीजों को नशा छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ने तथा सकारात्मक जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के भविष्य को अंधकारमय बना देती है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को इससे बचना चाहिए।
इस दौरान उन्होंने स्टाफ सदस्यों को हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा चलाए जा रहे पौधारोपण अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। अधिक से अधिक पौधे लगाकर और उनकी देखभाल करके हम पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित बना सकते हैं
Girish Saini 

