राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय द्वारा संचालित सर्वेक्षणों में नागरिक करें सहयोगः सांख्यिकीय अधिकारी

राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय द्वारा संचालित सर्वेक्षणों में नागरिक करें सहयोगः सांख्यिकीय अधिकारी

रोहतक, गिरीश सैनी। वरिष्ठ सांख्यिकीय अधिकारी राममेहर सिंह ने बताया कि केंद्रीय सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) का क्षेत्र संकार्य प्रभाग (एफओडी) वर्ष 1950 से देशभर में परिवारों एवं प्रतिष्ठानों से विभिन्न प्रकार की सूचनाएं एकत्रित कर रहा है। इन सूचनाओं का उपयोग राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर योजनाओं के निर्माण, नीतियों के निर्धारण तथा विकास कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन में किया जाता है।

उन्होंने नागरिकों का आह्वान किया है कि वे विभाग के सर्वेक्षणों में सही सूचना उपलब्ध करवाकर पूर्ण सहयोग करें। घरेलू सर्वेक्षणों में जानकारी परिवार के मुखिया अथवा परिवार के किसी जानकार सदस्य से प्राप्त की जाती है, जबकि उद्यम सर्वेक्षणों में आवश्यक जानकारी संबंधित उद्यम के स्वामी अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई जाती है। सर्वेक्षणों के दौरान एकत्रित की गई सभी सूचनाएं पूर्णत: गोपनीय रखी जाती हैं। एकत्रित आंकड़ों का उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए किया जाता है तथा इनका किसी अन्य प्रयोजन के लिए उपयोग नहीं किया जाता।

उन्होंने बताया कि जून 2026 के दौरान रोहतक जिला में एनएसओ द्वारा विभिन्न सर्वेक्षण संचालित किए जा रहे हैं। इनमें गैर-निगमित क्षेत्र उद्यमों का वार्षिक सर्वेक्षण, आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण, राष्ट्रीय पारिवारिक आय सर्वेक्षण तथा उपभोक्ता मूल्य सूचकांक सर्वेक्षण शामिल हैं। इसके अतिरिक्त थोक मूल्य सूचकांक, औद्योगिक उत्पादन सूचकांक तथा गैर-निर्माण सेवा क्षेत्र उद्यमों के वार्षिक सर्वेक्षण के अंतर्गत चयनित इकाइयों से भी समय-समय पर संपर्क कर आंकड़े एकत्रित किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि जिला में गैर-निगमित क्षेत्र उद्यमों के वार्षिक सर्वेक्षण के तहत रोहतक शहर तथा गांव आंवल को चयनित किया गया है। आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण के लिए ब्राह्मणवास तथा रोहतक क्षेत्र चयनित हैं। राष्ट्रीय पारिवारिक आय सर्वेक्षण के लिए कंसाला गांव, रोहतक शहर (पीजीआई के निकट), पुराना बस स्टैंड क्षेत्र तथा भिवानी चुंगी क्षेत्र को शामिल किया गया है। इसी प्रकार उपभोक्ता मूल्य सूचकांक सर्वेक्षण के लिए इस्माइला, सांपला तथा खरेंटी क्षेत्रों का चयन किया गया है।