शहीदों के सपनों को साकार करने में योगदान दें नागरिकः उपायुक्त सतबीर सिंह

युद्ध स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर शहीदों को किया नमन; 155 पूर्व सैनिकों की स्वास्थ्य जांच

शहीदों के सपनों को साकार करने में योगदान दें नागरिकः उपायुक्त सतबीर सिंह

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि अमर शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब नागरिक उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता, अनुशासन और सेवा भावना को जीवन का हिस्सा बनाएं। प्रत्येक नागरिक देश और समाज की भलाई, शांति व विकास में अपनी भूमिका निभाए।

उपायुक्त बुधवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत एमडीयू गेट के समीप युद्ध स्मारक पर आयोजित हरियाणा वीर एवं शहीदी दिवस कार्यक्रम में बोल रहे थे। पुलिस बल की सलामी के बाद उन्होंने युद्ध स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा में हरियाणा के सैनिकों की उल्लेखनीय भागीदारी रही है। सैनिकों का त्याग देश की सुरक्षा, सामाजिक स्थिरता और विकास की आधारशिला है। उन्होंने 23 सितंबर 1863 को शहीद हुए राव तुलाराम के बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनकी देश भक्ति आज भी प्रेरणा देती है।

कार्यक्रम में ब्रिगेडियर हरबीर सिंह, असिस्टेंट कमांडेंट अजय मलिक और सूबेदार मेजर रामनिवास ने वीर सैनिकों की गाथाएं साझा की। लोक गायक अनिल कंसालिया की टीम ने देशभक्ति की रागनियां प्रस्तुत कीं। उपायुक्त ने वीर सैनिकों व पूर्व सैनिकों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

इस दौरान पूर्व सैनिकों व उनके परिजनों के लिए लगाए स्वास्थ्य शिविर में 80 लोगों की आंखों और 75 लोगों की दंत जांच की गई। पांच मरीजों को निशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए भेजा गया। इस अवसर पर विंग कमांडर गौरिका सुहाग (कल्याण अधिकारी जिला सैनिक बोर्ड) सहित अनेक पूर्व सैनिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।