नुक्कड़ नाटक द्वारा नागरिकों को स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
रोहतक, गिरीश सैनी। नगर निगमस रोहतक के आयुक्त सत्येन्द्र दुहन ने बताया कि मानसून के दौरान स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ अभियान शुरू किया गया है, जिसका उद्देश्य वर्षा ऋतु में जलजनित एवं मच्छर/मक्खी जनित बीमारियों की रोकथाम, शहर की साफ-सफाई तथा नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
निगमायुक्त ने बताया कि इस अभियान के तहत शहरवासियों को जागरूकता के उद्देश्य से स्थानीय रेलवे स्टेशन व मानसरोवर पार्क में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया और नागरिकों को स्वच्छता अपनाने, घर/संस्थान के स्तर पर ही कूड़े को अलग-अलग करने, सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने व सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाने का संदेश दिया गया।
नुक्कड़ नाटक के दौरान कलाकारों ने मनोरंजक एवं प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से नागरिकों को गीला कूड़ा, सूखा कूड़ा, घरेलू खतरनाक कूड़ा एवं सैनिटरी अपशिष्ट को अलग-अलग रखने, निर्धारित डस्टबिन का उपयोग करने तथा स्वच्छ पर्यावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उपस्थित नागरिकों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया।
निगमायुक्त ने कहा कि बरसात के दौरान जलभराव, कूड़े के ढेर एवं गंदगी के कारण विभिन्न संक्रामक रोगों के फैलने की आशंका के मद्देनजर सभी वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत कूड़ा संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित सफाई, नालियों की सफाई, जलभराव वाले स्थानों की निगरानी, सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों की नियमित सफाई तथा कूड़ा प्रबंधन को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने बताया कि निगम की टीम द्वारा शहर में निरीक्षण करते हुए 10 चालान 4500 रूपये के गंदगी फैलाने व सिंगल यूज प्लास्टिक बेचने वालों के किए गए।
Girish Saini 


