जिला मुख्यालय एवं उपमंडल स्तर पर समाधान शिविरों में सुनी नागरिकों की समस्याएं

जिला मुख्यालय एवं उपमंडल स्तर पर समाधान शिविरों में सुनी नागरिकों की समस्याएं

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि समाधान शिविरों में प्राप्त हर शिकायत का समयबद्ध एवं उचित निपटारा सुनिश्चित किया जाये। अधिकारी नागरिकों की समस्याओं का निपटारा करते समय संबंधित नागरिक से संवाद कर विभागीय कार्यवाही की जानकारी देकर उन्हें संतुष्ट करें।

उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा समाधान शिविरों की शिकायतों के निपटारे की निरंतर समीक्षा की जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों का फीडबैक जानने के लिए कॉलिंग सेल भी स्थापित की गई है।

जिला मुख्यालय पर आयोजित समाधान शिविर में उपमंडलाधीश आशीष कुमार तथा डीडीपीओ राजपाल चहल ने नागरिकों की समस्याएं सुनी और मौके पर उपस्थित संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे इन समस्याओं का निर्धारित अवधि में उचित निपटारा करवाये। उन्होंने समाधान शिविरों की शिकायतों के निपटारे की समीक्षा करते हुए कहा कि संबंधित विभाग लंबित शिकायतों का तुरंत निपटारा करवाये तथा उचित रिपोर्ट भी भिजवाये।

एसडीएम आशीष कुमार ने अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए कि संबंधित विभाग स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां राष्ट्रीय पर्व की गरिमा के अनुरूप करवाये ताकि भव्य समारोह आयोजित किया जा सके। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों के चयन व रिहर्सल के लिए शिक्षा विभाग द्वारा कार्यवाही की जाये।

जिला मुख्यालय के अलावा उपमंडल स्तर पर सांपला एवं महम में भी समाधान शिविर आयोजित किये गए। सांपला में एसडीएम अंकिता पुवार की अध्यक्षता में समाधान शिविर आयोजित किया गया, जिसमें प्राप्त शिकायतों के निपटारे बारे संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिये गए। महम में एसडीएम विपिन कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समाधान शिविर में 4 शिकायतें प्राप्त हुई, जिनके निपटारे के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिये।