समर कैंप में रचनात्मकता से जुड़ रहे बच्चे
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के फैकल्टी क्लब द्वारा आयोजित समर कैंप में बच्चे अक्षर ज्ञान से लेकर रंगों की दुनिया तक नई-नई गतिविधियों के माध्यम से सीखने का आनंद ले रहे हैं। वहीं, नृत्य, कला, साहित्य और व्यक्तित्व विकास जैसी गतिविधियों से उनका सर्वांगीण विकास भी सुनिश्चित किया जा रहा है।
इस समर कैंप में विभिन्न आयु वर्ग के बच्चों के लिए रुचि आधारित गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। छोटे बच्चों को अक्षर ज्ञान, रचनात्मक लेखन, कहानी सुनाने और भाषा विकास से जोड़ने के साथ-साथ ड्राइंग, पेंटिंग और रंगों के माध्यम से उनकी कल्पनाशक्ति को विकसित किया जा रहा है। बच्चों में आत्मविश्वास और मंचीय अभिव्यक्ति को बढ़ाने के लिए नृत्य, संगीत और सांस्कृतिक गतिविधियों का भी आयोजन किया जा रहा है। कैंप में साहित्यिक गतिविधियों के जरिए बच्चों को कविता, कहानी और पुस्तक पठन की ओर प्रेरित किया जा रहा है।
फैकल्टी क्लब की अध्यक्ष प्रो. सीमा सिंह ने बताया कि समर कैंप का उद्देश्य बच्चों की प्रतिभा को पहचान कर उसे सही दिशा देना है। दृश्य कला विभाग की छात्राएं कीर्ति व स्नेहा इस कैंप का समन्वयन कर रही हैं।
Girish Saini 

