मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की एचपीवी टीकाकरण अभियान की समीक्षा
अभियान के दौरान सर्विकल कैंसर से बचाव के लिए 14 वर्षीय बालिकाओं का किया जायेगा एचपीवी टीकाकरणः डीसी सचिन गुप्ता
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महिलाओं में सर्विकल कैंसर रोकथाम के लिए केंद्र सरकार द्वारा शुरू किये गए एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम के क्रियान्वयन की समीक्षा की।
इस दौरान उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि ये टीकाकरण बालिकाओं में कैंसर रोकथाम के लिए बीमा पॉलिसी की तरह है तथा 14 वर्ष की आयु में बालिका को एचपीवी टीका लगने से जिंदगी भर कैंसर से बचाव करता है। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग इस टीकाकरण कार्यक्रम की सफलता के लिए अभिभावकों व बालिकाओं को जागरूक करें।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के उपरांत संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि एचपीवी महिलाओं में सर्विकल कैंसर की रोकथाम के लिए राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम है, जिसकी सफलता के लिए शिक्षा विभाग सरकार व निजी विद्यालयों में पढ़ने वाली लक्षित आयु वर्ग की बालिकाओं एवं उनके अभिभावकों को टीकाकरण के लिए जागरूक करें। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग द्वारा इस टीकाकरण अभियान के बारे में निजी विद्यालयों के संचालकों के साथ बैठक आयोजित की जाये ताकि उन्हें राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान बारे जागरूक किया जा सके।
उपायुक्त ने कहा कि सरकार ने 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है, जो पूर्णत: नि:शुल्क प्रदान किया जा रहा है। यह टीकाकरण उन बालिकाओं के लिए होगा, जिन्होंने 28 फरवरी 2025 को अपना 14वां जन्मदिन मना लिया है तथा वे बालिकाएं जो 1 मार्च 2026 से पहले अपना 15वां जन्मदिन मनाने वाली हैं। अर्थात 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की सभी पात्र बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन की सिंगल डोज निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि एचपीवी संक्रमण से होने वाले सर्विकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) की रोकथाम इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। कैंसर विशेषज्ञों के अनुसार यह वैक्सीन सर्विकल कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम करने में सहायक है। उन्होंने सभी अभिभावकों, शिक्षकों एवं सामुदायिक प्रतिनिधियों का आह्वान किया कि वे इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करें और पात्र बालिकाओं को समय पर टीकाकरण हेतु प्रेरित करें। बैठक में सिविल सर्जन डॉ रमेश चंद्र आर्य, टीकाकरण नोडल अधिकारी डॉ प्रतिभा, उप जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता चहल तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Girish Saini 

