मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीसी के माध्यम से हर घर तिरंगा, वंदे मातरम व विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस की तैयारियों की समीक्षा की
9 से 17 अगस्त तक चलाया जायेगा हर घर तिरंगा अभियान।
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हर घर तिरंगा, वंदे मातरम व विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस की तैयारियों की प्रदेश के सभी उपायुक्तों के साथ समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। बैठक के दौरान सूचना, जनसंपर्क, भाषा विभाग के महानिदेशक के.एम. पांडुरंग ने तीनों अभियानों की विस्तृत कार्ययोजना, कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा विभागवार जिम्मेदारियों की विस्तार से जानकारी दी।
बैठक के उपरांत स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने जिलावासियों का आह्वान किया कि वे 9 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान के तहत अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं कार्यालयों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराएं तथा सेल्फी विद तिरंगा अभियान में सक्रिय भागीदारी करें। उन्होंने कहा कि नागरिक तिरंगा के साथ ली गई सेल्फी को पोर्टल पर अपलोड करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन अभियानों की सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिये।
उन्होंने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के कार्यक्रम नई पीढ़ी को देश के विभाजन के इतिहास, उससे जुड़े संघर्ष और बलिदानों से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेंगे। साथ ही स्वतंत्रता दिवस समारोह को भी पूरे उत्साह, गरिमा एवं राष्ट्रभक्ति की भावना के मनाया जाएगा। 9 से 17 अगस्त 2026 तक पूरे प्रदेश में हर घर तिरंगा व वंदे मातरम अभियान चलाया जाएगा। इस वर्ष अभियान वंदे मातरम् के 150 वर्ष को समर्पित रहेगा। अभियान के अंतर्गत तिरंगा यात्राएं, बाइक, साइकिल एवं ई-बाइक रैलियां, तिरंगा एवं वंदे मातरम् प्रदर्शनी, देशभक्ति आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम, सेल्फी विद तिरंगा अभियान, सरकारी भवनों पर तिरंगा रोशनी एवं सजावट तथा विशाल तिरंगा रंगोली जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसी प्रकार 13 व 14 अगस्त को पूरे हरियाणा में विभाजन विभीषिका स्मृति को लेकर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान राज्य एवं जिला स्तर पर प्रदर्शनी, वृत्तचित्र प्रदर्शन, नाट्य मंचन, विभाजन से प्रभावित परिवारों के अनुभव साझा करने, श्रद्धांजलि सभा, दो मिनट का मौन तथा कैंडल मार्च सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि देश के विभाजन की त्रासदी से नई पीढ़ी को अवगत कराया जा सके और विभाजन प्रभावित लोगों के संघर्ष एवं बलिदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया जा सके।
इस दौरान उपमंडलाधीश आशीष कुमार, नगराधीश शुभम, डीडीपीओ राजपाल चहल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Girish Saini 

